
हरियाणा भाजपा की नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता सोमवार को फतेहाबाद जिले के दौरे पर रहेंगी। उनके स्वागत के लिए जिले में सात स्थानों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं में इस दौरे को लेकर व्यापक उत्साह देखा जा रहा है और तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।
प्रदेशाध्यक्ष का काफिला गांव सनियाना से जिले में प्रवेश करेगा, जहां कार्यकर्ता उनका पहला स्वागत करेंगे। इसके पश्चात खासा पठाना, भूना शहर, जांडली, झलनियां और जिला परिषद चेयरपर्सन सुमन खिचड़ के गांव बरसीन में भी स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्य स्वागत समारोह फतेहाबाद शहर के भूना रोड स्थित जिला भाजपा कार्यालय में होगा, जहां जिले के प्रमुख जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा ने बताया कि प्रदेशाध्यक्ष के स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है और सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पार्टी नेताओं का मानना है कि यह दौरा पार्टी संगठन को मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों के लिहाज से महत्वपूर्ण साबित होगा। स्वागत स्थलों पर कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति की उम्मीद जताई जा रही है।