फतेहाबाद: शराब ठेके पर सशस्त्र लूट, युवक की कलाई काटी, 40 हजार लूटे

फतेहाबाद जिले के घासवा गांव में स्थित एक शराब ठेके पर गुरुवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया। तीन नकाबपोश सशस्त्र बदमाशों ने फायरिंग और गंडासे से हमला कर करीब 30 से 40 हजार रुपये लूट लिए। इस हमले में ठेके पर मौजूद दो भाई गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक युवक की दाहिने हाथ की कलाई गंडासे के वार से बुरी तरह कट गई।

गांव कुला निवासी मुकेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 2 जुलाई की शाम अपने भाई रणजीत सिंह से मिलने घासवा के शराब ठेके पर गया था। रात करीब 9 बजे तीन अज्ञात नकाबपोश युवक वहां पहुंचे, जिनमें से एक के पास देसी पिस्तौल, दूसरे के पास गंडासा और तीसरे के हाथ में तलवार थी। बदमाशों ने गाली-गलौज करते हुए जबरन ठेके का दरवाजा खोला और अंदर घुसते ही पिस्तौल से दो फायर किए।

हमले के दौरान एक बदमाश ने रणजीत सिंह पर गंडासे से लगातार 5-6 वार किए, जिससे उसकी दाहिने हाथ की कलाई कट गई। बीच-बचाव में आए मुकेश को भी चोटें आईं। तीसरे बदमाश ने ठेके के गल्ले से करीब 30-40 हजार रुपये निकाले और तीनों मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों घायल भाइयों को तुरंत नागरिक अस्पताल रतिया पहुंचाया, जहां से रणजीत सिंह को उनकी नाजुक हालत को देखते हुए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

सदर थाना प्रभारी शीशपाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया गया है और ठेके के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी जल्द ही गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।