हांसी जंक्शन का अधूरा भवन बना नशेड़ियों का अड्डा, 16 करोड़ की योजना ठप

हांसी रेलवे जंक्शन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 16.11 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा आधुनिक भवन यात्रियों के लिए सुविधा बनने की जगह अब नशेड़ियों का ठिकाना बन गया है। ठेकेदार द्वारा काम बीच में छोड़ देने के बाद से यह इमारत महीनों से अधूरी पड़ी है और इसके खुले कमरों में अवैध गतिविधियां हो रही हैं।

दैनिक जागरण की टीम ने बुधवार को भवन का निरीक्षण किया तो अंदर शराब की खाली बोतलें, सिगरेट की डिब्बियां और नशीले पदार्थों के रैपर बिखरे मिले। रात होते ही इन अंधेरे कमरों में संदिग्ध लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है, जबकि ठीक सामने महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे ट्रेन का इंतजार करते हैं। भवन तक खुली पहुंच होने से कोई भी अंदर जा सकता है और बाहर से गतिविधियां दिखाई नहीं देतीं।

फरवरी 2024 में शुरू हुई इस पुनर्विकास परियोजना से स्थानीय लोगों को 140 साल पुराने स्टेशन के आधुनिकीकरण की उम्मीद थी। फिलहाल केवल फुटओवर ब्रिज का काम जारी है, जबकि भवन निर्माण सहित अन्य कार्य पूरी तरह ठप हैं। यात्रियों और स्थानीय नागरिकों ने रेलवे प्रशासन से देरी का कारण स्पष्ट करने और नई समयसीमा घोषित करने की मांग की है।

विशेषज्ञों का कहना है कि अधूरे भवन के प्रवेश द्वार सील करने और रात में निगरानी की व्यवस्था करने से इस समस्या पर काबू पाया जा सकता है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए रेलवे को तत्काल कदम उठाने की जरूरत है, ताकि यह सार्वजनिक संपत्ति फिर से गलत हाथों में न जाए।