खबर का सार : फतेहाबाद में बैंक की पार्टनर कंपनी के तीन अधिकारियों ने ग्राहकों से वसूली गई किश्तों में से 7.29 लाख रुपये का गबन किया।
शिकायत के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आरोपी फिलहाल फरार हैं।

Fatehabad Embezzlement Case: शहर में उत्कर्ष स्माल फाइनेंस बैंक की पार्टनर कंपनी एंबीशन सर्विस प्राइवेट लिमिटेड में सात लाख 29 हजार रुपये के गबन का मामला सामने आया है। कंपनी के एरिया कलेक्शन मैनेजर की शिकायत पर सिटी थाना पुलिस ने तीन अधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गबन के बाद से आरोपित फरार बताए जा रहे हैं। Fatehabad Embezzlement Case
पुलिस को दी शिकायत में एरिया कलेक्शन मैनेजर अभय सिंह ने बताया कि उनकी कंपनी समूह लोन के तहत उपभोक्ताओं को ऋण उपलब्ध करवाती है। लोन देने के बाद हर माह उपभोक्ताओं से किश्तें कर्मचारियों द्वारा एकत्रित की जाती थीं।
आरोप है कि संबंधित अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से किश्तें वसूलने के बाद रकम कंपनी के खाते में जमा नहीं करवाई और आपस में सांठगांठ कर गबन कर लिया। मामले में गांव साधनवास निवासी कुलविंद्र, ऐलनाबाद क्षेत्र के गांव चिलकनी ढाब निवासी आनंद तथा गांव धोतड़ ढाणी निवासी गुरदास के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। Fatehabad Embezzlement Case
तीन अधिकारियों पर लाखों के गबन का आरोप | Fatehabad Embezzlement Case
कुलविंद्र कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर, जबकि आनंद और गुरदास सेंटर मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। जांच में सामने आया कि कुलविंद्र ने पांच लाख 19 हजार 378 रुपये, आनंद ने एक लाख 77 हजार 645 रुपये तथा गुरदास ने 32 हजार 500 रुपये की राशि गबन की।
आरोप है कि यह रकम उन्होंने बैंक में जमा करवाने के बजाय निजी कार्यों में खर्च कर दी। कंपनी ने पहले अपने स्तर पर जांच की और बाद में आरोपितों को लीगल नोटिस भेजे, लेकिन पैसे वापस नहीं मिले।
शहर थाना प्रभारी सुरेंद्रा ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। जांच के दौरान यह भी स्पष्ट किया जाएगा कि आरोपितों ने कितने उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी की है। आरोपितों की तलाश जारी है।