फतेहाबाद कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

हरियाणा के फतेहाबाद में शुक्रवार को न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया। सेशन कोर्ट की आधिकारिक ईमेल पर धमकीभरा संदेश मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। सुरक्षा को देखते हुए दोपहर एक बजे तक पूरे कोर्ट परिसर को खाली करा दिया गया और मुख्य प्रवेश द्वारों पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

धमकी की सूचना के तुरंत बाद हिसार से विशेष डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते को फतेहाबाद भेजा गया। विशेषज्ञ टीम ने न्यायालय परिसर के सभी भवनों, कोर्ट रूम, कार्यालयों और आसपास के इलाकों की विस्तृत जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर स्वयं मौके पर पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया और अधिकारियों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। सिटी थाना प्रभारी सुरेंद्रा अपनी टीम के साथ लगातार पूरे ऑपरेशन की निगरानी करते रहे।

गौरतलब है कि इससे पहले करीब छह महीने पहले भी फतेहाबाद के लघु सचिवालय को इसी तरह की धमकी मिली थी, जो बाद में जांच में फर्जी साबित हुई थी। उस समय भी डिप्टी कमिश्नर की ईमेल पर धमकीभरा संदेश आने के बाद प्रशासन ने व्यापक तलाशी अभियान चलाया था। इस बार भी पुलिस ईमेल के स्रोत की पहचान करने और भेजने वाले का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल जांच पूरी होने तक पूरे न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया है और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।