नूंह में बृजमण्डल यात्रा: मुस्लिम समुदाय ने श्रद्धालुओं पर बरसाए फूल

हरियाणा के नूंह जिले में बृजमण्डल जलाभिषेक यात्रा सामाजिक सौहार्द और धार्मिक सद्भाव का अनूठा उदाहरण बनकर उभरी है। नल्हड़ महादेव मंदिर से सोमवार को शुरू हुई इस यात्रा में हजारों शिवभक्तों ने हिस्सा लिया। हरियाणा सरकार के मंत्री गौरव गौतम सहित कई संत-महंत और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि यात्रा में शामिल हुए। मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजता रहा और श्रद्धालुओं में अपार उत्साह देखा गया।

यात्रा की सबसे बड़ी विशेषता रही मुस्लिम समुदाय द्वारा किया गया भव्य स्वागत। यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर मुस्लिम समाज के सदस्यों ने स्वागत शिविर लगाकर श्रद्धालुओं पर फूलों की बारिश की। रमजान, समीम, नदीम, ताहिर और उनके साथियों ने श्रद्धालुओं को शर्बत, ठंडा पानी और फल वितरित किए। स्थानीय निवासियों ने बताया कि मेवात की पहचान हमेशा से भाईचारे और आपसी सम्मान की रही है और इसी परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए यह पहल की गई है।

मेवात, पलवल, गुरुग्राम, फरीदाबाद और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा में शामिल होने पहुंचे। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने भक्ति गीतों और जयघोषों के साथ यात्रा को आगे बढ़ाया। नल्हड़ महादेव मंदिर से शुरू हुई यह यात्रा फिरोजपुर झिरका स्थित झिर मंदिर की ओर बढ़ रही है, जहां धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा।

प्रशासन ने यात्रा को लेकर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। यात्रा मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है। यात्रा शुरू होने के बाद अब तक पूरे मार्ग पर शांतिपूर्ण माहौल बना हुआ है। यह यात्रा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बनी है, बल्कि सामाजिक एकता और सांप्रदायिक सद्भाव का संदेश भी दे रही है।