टूरिस्ट वीजा पर आस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर साढ़े 26 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। गांव कमालपुर निवासी मंदीप ने सिविल लाइन थाना में शिकायत दी है। शिकायत के आधार पर नवीन बस्ती बोरी नागपुर (महाराष्ट्र) निवासी दीपक उत्तम बोपाचे और जींद के गांव अमरालीखेरा निवासी बिट्टू के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया है।

शिकायत में बताया कि वह करीब तीन साल से करनाल रोड संजोग पैलेस मार्केट में इमीग्रेशन, वीजा और जहाज की टिकट का काम करता है। अगस्त 2022 में आरोपित बिट्टू उसके पास आया था। उसने कहा कि उसके कई राज्यों में एजेंटों के साथ जान पहचान है। बिट्टू ने उसकी बात आरोपित दीपक से करवाई थी। बिट्टू की बातों में आकर उसने उसके साथ हिस्सेदारी करके काम शुरू कर दिया।

  • उसने छह से सात युवकों का आस्ट्रेलिया का टूरिस्ट वीजा लगवाने की फाइल बिट्टू और दीपक को दे दी थी। नवंबर 2022 से फरवरी 2023 के बीच आरोपितों को साढ़े 26 लाख रुपये भेज दिए थे।
  • टूरिस्ट वीजा कैथल निवासी प्रियंका और उसके पति विनय, भाणा निवासी जतिन, हिसार निवासी मलकीत और राममेहर, जींद निवासी अमरजीत और प्रवीन का लगवाना था। आरोपितों ने 12 जनवरी 2023 को भाणा निवासी जतिन को नेपाल भेज दिया।

करीब दस दिन वहां रखा और उसके बाद दोबारा भारत भेज दिया। उन्होंने कहा कि इस बार श्रीलंका के रास्ते सभी को आस्ट्रेलिया भेज देंगे। 30 जनवरी को सभी लोगों को श्रीलंका के जहाज में दिल्ली से बैठा दिया था। करीब 20 दिनों को सभी लोगों को श्रीलंका में रखा।

उसके बाद दोनों आरोपितों ने अपने फोन बंद कर लिए। उसने पैसे खर्च सभी युवकों को दिल्ली वापस बुलाया। आरोपितों ने जो वीजा दिए थे वे सभी फर्जी पाए गए थे। जांच अधिकारी एसआइ धर्मपाल ने बताया कि दोनों युवकों के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *