खबर का सार
Bhakra Dam Water: भाखड़ा बांध में इस बार पानी का स्तर बेहतर है और पिछले साल के मुकाबले स्थिति सामान्य बनी हुई है, जिससे हरियाणा में जल संकट की आशंका कम हुई है। CM नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को गर्मी में पेयजल आपूर्ति प्राथमिकता से सुनिश्चित करने और जलघरों, तालाबों को भरकर रखने के निर्देश दिए। साथ ही नहरों की सफाई, मरम्मत और गांवों में स्ट्रीट लाइट व पौधारोपण कार्यों को तेज करने पर जोर दिया गया।
भाखड़ा बांध के पानी को लेकर पिछले साल जहां मई की शुरुआत में हरियाणा और पंजाब में तनातनी थी, वहीं इस बार स्थिति सामान्य है। इस समय भाखड़ा बांध में पानी का लेवल 36 फीट अधिक है, जो काफी अच्छा माना जाता है। हरियाणा ने अपने कोटे का अभी तक केवल 75-76 प्रतिशत पानी ही इस्तेमाल किया है।

Bhakra Dam Water Level बेहतर, प्रदेश में पेयजल आपूर्ति पर फोकस
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को समीक्षा बैठक में जनस्वास्थ्य व सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि गर्मी के मद्देनजर प्रदेश के सभी हिस्सों में पीने के पानी की आपूर्ति को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए।
सभी तालाब, जलघर और अन्य जलाशय भरकर रखे जाएं। हिमाचल प्रदेश व उत्तर प्रदेश से संबंधित किशाऊ सहित अन्य जल परियोजनाओं के संबंध में जल्द ही जल शक्ति मंत्रालय के साथ बैठक की जाएगी, जिसमें इन राज्यों के अधिकारी भी शामिल होंगे। Bhakra Dam Water
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में पेयजल व सिंचाई के पानी की कमी न रहने दी जाए। पेयजल के लिए नहरों से जुड़े सभी जलघरों व तालाबों को भरकर रखा जाए। जहां ट्यूबवेल आधारित जलापूर्ति होती है, वहां यदि कोई ट्यूबवेल खराब हो जाता है तो उसे प्राथमिकता के आधार पर ठीक करवाया जाए। जरूरत पड़े तो लोगों को टैंकर से भी पानी उपलब्ध करवाया जाएगा। Bhakra Dam Water
जलघरों में पानी की उपलब्धता को लेकर अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश के 4000 एकल गांव आधारित जलघर हैं, जबकि 2500 जलघर एक से अधिक गांवों के लिए हैं। सभी जलघर नहरों से जुड़े हैं और फिलहाल इनमें पर्याप्त पेयजल उपलब्ध है।
नहर सफाई तेज, गांवों में लाइट व पौधारोपण को प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने नहरों की सफाई, मरम्मत व पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए यह सभी कार्य त्वरित गति से करवाने के निर्देश दिए। गांवों में स्ट्रीट लाइटें और फिरनी से संबंधित कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मानसून सीजन के मद्देनजर गांवों को जाने वाले रास्तों तथा गांव की फिरनियों पर पौधे लगवाए जाएं। गांवों में सरपंचों से भी ऐसे स्थानों की सूची मांगी जाए जहां पौधे लगाए जा सकें। Bhakra Dam Water
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग तथा पंचायत विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विजयेंद्र कुमार तथा जनस्वास्थ्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव जे गणेशन ने भी अपनी बात रखी।