भाजपा जिला काेर कमेटी की बैठक शनिवार शाम पार्टी कार्यालय गुरुकमल में आयोजित हुई। इसमें नगर निगम गुरुग्राम के सीनियर डिप्टी मेयर एवं डिप्टी मेयर के नामों पर मंथन किया गया। कमेटी के सदस्यों ने माना कि दोनों पदों को भरने में काफी देरी हो रही है। इससे काम भी प्रभावित हो रहे हैं। अब इसमें देरी नहीं होनी चाहिए।

बैठक में सभी ने एक सुर से कहा कि पार्टी के प्रति समर्पित पार्षदों को ही दोनों पदों की जिम्मेदारी दी जाए। यह भी देखा जाए कि उनका पार्षद बनने से पहले और बनने के बाद आचरण कैसा है। जीतने के बाद जनता की समस्याओं को कितनी गंभीरता से वे प्रशासन के सामने रख रहे हैं। केवल पार्टी के नाम पर जीत हासिल हुई है या खुद में भी दम था। सभी पार्षदों से भी कमेटी के सदस्यों ने संवाद किया।
उम्मीद की जा रही है कि अगले महीने के प्रथम सप्ताह में दोनों पदों के लिए नाम चयन कर लिए जाएंंगे। बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, केंद्रीय संसदीय बोर्ड की सदस्य डा. सुधा यादव, कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह, जिला प्रभारी संदीप जोशी, जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, बल्लभगढ़ जिला प्रभारी कमल यादव, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी, गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा मौजूद रहीं।