
सिरसा के नाथूसरी चौपटा में स्थित चौधरी देवी लाल गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक के शिक्षकों और कर्मचारियों को तीन से चार महीने की देरी से वेतन मिल रहा है। यह समस्या पिछले कई वर्षों से जारी है, जिससे कर्मचारियों को गंभीर आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार को संस्थान के समस्त शिक्षकों और स्टाफ सदस्यों ने प्राचार्य विवेक वोहरा को ज्ञापन सौंपकर समय पर वेतन भुगतान की मांग की।
ज्ञापन में कर्मचारियों ने बताया कि एजुकेशन सोसायटी का बजट न तो समय पर स्वीकृत होता है और न ही पर्याप्त मात्रा में आवंटित किया जाता है। इस कारण वेतन का भुगतान अनियमित हो गया है। कई बार तीन-चार महीने का वेतन एक साथ जारी होता है, फिर महीनों तक इंतजार करना पड़ता है। इस अनिश्चितता के चलते कर्मचारियों के परिवारों का गुजारा मुश्किल हो गया है और वे कर्ज के बोझ तले दबते जा रहे हैं।
स्टाफ सदस्यों ने मांग की है कि वेतन भुगतान की प्रक्रिया को नियमित और समयबद्ध बनाया जाए ताकि हर महीने निर्धारित समय पर वेतन मिल सके। उन्होंने अनुरोध किया है कि इस गंभीर मुद्दे को उच्च अधिकारियों के समक्ष प्राथमिकता से उठाया जाए और स्थायी समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। शिक्षकों का कहना है कि शिक्षा के क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों के साथ यह व्यवहार उचित नहीं है और इससे शिक्षा की गुणवत्ता पर भी असर पड़ रहा है।