रेवाड़ी के मोदीनगर में आरोपितों को तीन लाख रुपये नहीं मिलने पर महिला की अश्लील वीडियो बनाकर Instagram इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने का मामला सामने आया है। यह वीडियो आरोपितों ने एडिट कर अश्लील बनाई गई थी। वीडियो काॅल के दौरान स्क्रीन को रिकाॅर्ड कर इस पूरे मामले में महिला को बदनाम करने के लिए ऐसा किया गया था। आरोपितों की हरकत से परेशान होकर महिला ने आत्महत्या की भी कोशिश की लेकिन स्वजन ने हौसला दिया और पुलिस की मदद मांगी। अब इस मामले में भोजपुर पुलिस ने दो महिला समेत पांच पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

Instagram पर अंजान लड़की से हुई दोस्ती
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भोजपुर के एक गांव की गृहिणी के साथ यह कायराना हरकत की गई है। महिला के इंस्टाग्राम पर कुछ दिन पहले रिया शर्मा नाम की आईडी से रिक्वेस्ट आई। कुछ समय बाद उनके बीच बातें होने लगी। रिया की आईडी से उनके पास वीडियो काॅल आई। काल उठाई तो युवती ही बात कर रही थी। कुछ ही देर में युवती ने तीन-चार अन्य लोगों को भी वीडियो काॅल में जोड़ लिया। इस पर महिला ने वीडियो काॅल को काट दिया।
अचानक किया वीडियो कॉल
आरोप है कि वीडियो काॅल के दौरान आरोपितों ने स्क्रीन रिकाॅर्ड कर ली थी, जिसे एडिट कर अश्लील वीडियो व फोटो बना दिये। अगले ही दिन महिला के पास रवि फौजी नाम के व्यक्ति का फोन आया। उसने कहा कि अश्लील वीडियो व फोटो उनके पास हैं। यदि तीन लाख रुपये नहीं दिये तो इन फोटो को प्रसारित कर दिया जाएगा। वह महिला पर मिलने के लिए भी दबाव बनाने लगा।
महिला ने आत्महत्या का किया प्रयास
महिला ने घबराकर काॅल काट दी। अगले ही दिन आरोपित ने उनके अश्लील फोटो व वीडियो को इंस्टाग्राम पर प्रसारित कर दिया। साथ ही, महिला के स्वजन को भी लिंक भेज दिया। वीडियो व फोटो प्रसारित होने पर बदनामी के डर से महिला ने आत्महत्या की कोशिश भी की।
पुलिस ने नामजद रिपोर्ट की दर्ज
स्वजन ने किसी तरह महिला का हौसला बढ़ाया और थाने में शिकायत कर दी। पुलिस ने तत्काल केस दर्ज कर लिया। एसीपी मोदीनगर अमित सक्सेना ने बताया कि मेरठ के परतापुर की रिया शर्मा उर्फ खुशबू व रविंद्र उर्फ प्रिंस, गाजियाबाद के लालकुआं की सुलेखा, रवि फौजी व हरियाणा के पलवल के कृष्णा चौधरी पर केस दर्ज किया गया है। जल्द सभी की गिरफ्तारी होगी।