हिसार। सोमवार को हरियाणा (Haryana News) के हिसार से अयोध्या की पहली फ्लाइट को हरी झंडी दिखाने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने तुष्टीकरण की राजनीति की है। डॉ. भीम राव आंबेडकर हमेशा संविधान के संरक्षक रहे, लेकिन कांग्रेस हमेशा संविधान की भक्षक रही है।

कांग्रेस ने गरीबों और दलितों का भला नहीं किया: पीएम मोदी
कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में गरीबों, दलितों, मुस्लिम, विधवा किसी का भला नहीं किया। 2013 में भी वक्फ कानून में बदलाव कर उसे डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान से ऊपर कर दिया। भाजपा ने अब वक्फ बोर्ड के कानून में बदलाव किया है।
वक्फ कानून पहले भू-माफिया के लिए बनकर रह गया था। अब नए कानून में कोई आदिवासी की जमीन को नहीं ले पाएगा। प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को महाराजा अग्रसेन हिसार एयरपोर्ट से हिसार-अयोध्या विमान को हरी झंडी दिखाने और हिसार एयरपोर्ट पर टर्मिनल-2 के शिलान्यास के लिए पधारे थे। मंच पर उन्होंने डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।
‘बाबा साहेब के याद को कांग्रेस ने मिटाने की कोशिश की’
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने डॉ. भीमराव आंबेडकर के साथ गलत किया। जब तक वह जीवित रहे उनको अपमानित किया। उनको दो-दो चुनाव हरवाए। उनको उखाड़ फेंकने के लिए पूरी कांग्रेस सरकार लगी हुई थी। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब हमारे बीच नहीं रहे लेकिन उनकी याद को भी कांग्रेस ने मिटाने की कोशिश की।
उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर संविधान के संरक्षक रहे और कांग्रेस संविधान की भक्षक बनी। डॉ. आंबेडकर समानता लाना चाहते थे, लेकिन कांग्रेस ने वोट बैंक का वायरस फैलाया। डॉ. आंबेडकर ने कांग्रेस के लंबे शासन काल में नेताओं के घर में स्वीमिंग पुल तक पानी पहुंच जाता था मगर गांव में नल से जल नहीं पहुंचा।
‘कांग्रेस की तुष्टीकरण का नुकसान मुस्लिम समाज को हुआ’
पीएम ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर ने संविधान में धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं देने की व्यवस्था की थी। मोदी ने कहा कि कांग्रेस की तुष्टीकरण का नुकसान मुस्लिम समाज को हुआ। कांग्रेस ने कुछ कट्टरपंथी को खुश किया।
मोदी ने कहा कि आजादी के बाद 2013 तक वक्फ का कानून चलता था। चुनाव जीतने के लिए तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति के लिए 2013 के अंतिम सत्र में कांग्रेस ने वक्फ कानून में संशोधन किया, ताकि वह वोट ले सके।
वोट बैंक को खुश करने के लिए कांग्रेस ने डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान की ऐसी की तैसी कर दी। संविधान से वक्फ कानून को ऊपर कर दिया। कांग्रेस ने सिर्फ अपमान किया।
‘कांग्रेस मुस्लिम को बनाए पार्टी अध्यक्ष’
मोदी ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि वह वोट बैंक के भूखों को कहना चाहते हैं कि यदि मुस्लिम की चिंता है, तो वह कांग्रेस का पार्टी अध्यक्ष मुस्लिम को बनाए। 50 प्रतिशत टिकट मुस्लिम समाज को दें।
कांग्रेस ये सब नहीं करना है बस नागरिक के अधिकारों को छीनना है। भला किसी का नहीं करना है। मोदी ने कहा कि वक्फ के नाम पर लाखों हेक्टेयर भूमि का ईमानदारी से प्रयोग होता तो मुस्लिम समाज के युवा पैंचर नहीं बना रहे होते।
‘बीजेपी ने 11 करोड़ शौचालय निर्माण करवाया’
70 साल तक कांग्रेस ने राज किया और 16 प्रतिशत नल से जल पहुंचा। इससे सबसे ज्यादा प्रभावित एससी-एसटी, ओबीसी थे। मोदी ने कहा कि कांग्रेस को यदि दलित-गरीब की इतनी चिंता थी तो कांग्रेस उनके घर तक पानी तो पहुंचा देती। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने अभी तक देश में 12 करोड़ से ज्यादा घर में नल पहुंचाया है।
गांव में 80 प्रतिशत घर में पानी पहुंच रहा है। शौचालय नहीं होने के कारण एससी-एसटी सहित गरीब के घरों में बुरी स्थिति थी। भाजपा ने 11 करोड़ से ज्यादा शौचालय का निर्माण करवाया। जो वंचित था उसको बेहतर जीवन दिया। कांग्रेस राज में एससी-एसटी, ओबीसी के लिए बैंक का दरवाजा नहीं खुलता था।
बीमा-लोन, मदद कभी सपना था। भाजपा सरकार बनने के बाद आज हर गरीब की जेब में रुपया कार्ड है। सबसे ज्यादा जनधन खाते के लाभार्थी एससी-एसटी के लोग है।
‘कांग्रेस ने सत्ता के लिए संविधान को कुचला’
मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने हमारे पवित्र संविधान को सत्ता हासिल करने का हथियार बनाया। सत्ता के लिए संविधान को कुचल दिया। आपातकाल एक उदाहरण है। सत्ता बनी रहे इसके लिए कांग्रेस ने सेकुलर सिविल कोड को कभी लागू नहीं होने दिया।
उत्तराखंड में भाजपा सरकार बनी तो भाजपा ने सेकुलर सिविल कोड को लागू किया। समान नागरिकता लागू की। देश का दुर्भाग्य है कि संविधान को जेब में रखने वाले कांग्रेस के लोग उसका विरोध कर रहे हैं। भाजपा ने आरक्षण का प्रावधान किया। लेकिन कांग्रेस ने कभी नहीं देखा कि लोगों को लाभ मिला है या नहीं।
‘नए कानून से मुस्लिम समाज और गरीबों को उनका हक मिलेगा’
मोदी ने कहा कि दलित, पिछड़ों, आदिवासी, विधवा मुस्लिम महिलाओं की भू-माफिया ने जमीन लूटी। उन सैकड़ों विधवा महिलाओं ने भारत सरकार को पत्र लिखा तो यह नया कानून बना। भाजपा के बनाए इस नए कानून से जो गरीब से लूटा जा रहा था वह सब बंद हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि नए कानून में किसी आदिवासी की जमीन, घर, संपत्ति को वक्फ बोर्ड हाथ भी नहीं लगा पाएगा। आदिवासी हित की रक्षा के साथ संविधान की मर्यादा रखी है। नए प्रावधान वक्फ की पवित्र भावना का सम्मान है। मोदी ने कहा कि इस नए कानून से मुस्लिम समाज, गरीब, विधवा, बच्चों को उनका हक मिलेगा। वह सुरक्षित रहेंगे।
‘कांग्रेस सिर्फ सत्ता की सगी है’
मोदी ने कहा कि 2014 के बाद भाजपा ने डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रेरणा को आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए कदम उठाए है। डॉ. आंबेडकर जहां रहे उपेक्षित थे। भाजपा सरकार बनने के बाद वह जहां भी उनके सम्मान देने का काम किया है। मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने डॉ. भीमराव आंबेडकर और चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न तक नहीं दिया। भाजपा सरकार बनने के बाद दोनों महान हस्तियों को भारत रत्न दिया गया।
मोदी ने वन रैंक वन पेंशन पर बोलते हुए कहा हरियाणा में ही पूर्व सैनिकों को 13 हजार 500 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं, जबकि कांग्रेस ने झूठ बोलते हुए सिर्फ 500 करोड़ रुपये का प्रावधान रखने की बात कहीं थी। मोदी ने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस किसी की सगी नहीं है। वह सिर्फ सत्ता की सगी है। हरियाणा विकसित भारत के संकल्प को मजबूती देगी। हरियाणा की मिट्टी महक बिखेरेगी।