Mahendragarh News भाजपा जिला महिला मोर्चा उपाध्यक्ष माया सैनी ने बुधवार को राजस्थान के डाबला थाना क्षेत्र में ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। राजस्थान रेलवे पुलिस ने आसपास के पुलिस थानों में उनकी फोटो प्रेषित कर पहचान का प्रयास किया।

वहीं, बृहस्पतिवार को मृतका की पहचान हो गई। मृतका नारनौल के नजदीकी गांव निवाजनगर की रहने वाली है। गांव की पूर्व सरपंच रह चुकी हैं और वर्तमान में भाजपा जिला महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष थीं। मृतका की आत्महत्या के पीछे घरेलू कलह को माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस की जांच में पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।
बुधवार को निजामपुर पुलिस थाने के प्रभारी ने सोशल मीडिया पर माया सैनी की घटनास्थल की फोटो के साथ सूचना प्रसारित की थी। उन्होंने बताया था कि किसी महिला ने राजस्थान के थाना डाबला क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के आगे आकर आत्महत्या की है। उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
इस महिला की उम्र करीब 30-35 साल है | Mahendragarh News
उसने इलायची रंग का बूटेदार कुर्ता एवं सादा सलवार पहन रखा है। कानों में रेडीमेड झूमके और दाहिने हाथ की उंगली में रेडीमेड अंगूठी पहनी हुई है तथा पिंक कलर की स्लीपर चप्पल पास में मिली है। उसका शव नीम का थाना सरकारी अस्पताल में रखा गया।
इसके बाद बृहस्पतिवार को उसके स्वजन ने पहचान कर ली और उसे लेने के लिए रवाना हो गए। देर शाम तक गांव में शव नहीं पहुंचा था।
मृतका के दो बेटे और एक बेटी है। उसका पति नारनौल में चाय की दुकान चलाता है। प्राथमिक जांच में पता चला कि मृतका ने घरेलू कलह की वजह से आत्महत्या की है। हालांकि पुलिस जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।