
जून महीने की शुरुआत हरियाणा में सुहाने मौसम के साथ हुई है। पिछले तीन दिनों में हुई बारिश के बाद सोमवार को पूरे प्रदेश में तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार जून के पहले पखवाड़े में एक के बाद एक चार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाले हैं, जिससे लोगों को गर्मी से निरंतर राहत मिलती रहेगी।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि 2 जून की रात और उसके बाद 4 जून को नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से हरियाणा और एनसीआर दिल्ली में 3 से 7 जून तक मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिलेगा। जून महीने में कुल 7-8 पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। साथ ही बंगाल की खाड़ी और अरब सागर पर 2-4 लो प्रेशर एरिया बनने से बार-बार मौसम में परिवर्तन होगा।
सोमवार को हिसार में दिन का तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 3.7 डिग्री कम था। महेंद्रगढ़ में तापमान सामान्य से 6.8 डिग्री कम 35.5 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि करनाल में 32.8 डिग्री रहा। सिरसा में सबसे अधिक 40 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। हिसार में रात का तापमान भी सामान्य से 4.1 डिग्री कम रहा।
मौसम विभाग के अनुसार जून के दूसरे पखवाड़े में गर्मी बढ़ेगी और दक्षिणी पश्चिमी हवाओं के चलते उमस भरा मौसम रहेगा। हालांकि 19 जून को फिर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। महीने के दूसरे सप्ताह में प्री मानसून की बारिश संभव है और 3 जुलाई को मानसून सक्रिय होने की उम्मीद जताई जा रही है।