
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा है कि अब राज्य की इलेक्ट्रिक बसों में भी विद्यार्थियों को निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। यह लाभ हरियाणा रोडवेज की तर्ज पर स्कूल और कॉलेज में पढ़ने वाले सभी छात्रों को उपलब्ध होगा।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि छात्रों को इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए किसी नई प्रक्रिया से नहीं गुजरना होगा। उनके पास पहले से मौजूद ‘हरियाणा रोडवेज स्टूडेंट बस पास’ इन नई इलेक्ट्रिक बसों में भी पूर्णतः मान्य होगा। इस पहल से प्रदेश के हजारों विद्यार्थियों को दैनिक आवागमन में काफी राहत मिलेगी और साथ ही पर्यावरण के अनुकूल परिवहन व्यवस्था को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
पानीपत में पुराने डिपो के उद्घाटन के दौरान सीएम सैनी ने ई-बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर पानीपत की 40 बसों के साथ पंचकूला, जगाधरी, सोनीपत और कुरुक्षेत्र की इलेक्ट्रिक बसें भी शामिल रहीं। बाद में आर्य पीजी कॉलेज के एसी ऑडिटोरियम में सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इलेक्ट्रिक बस आज की आवश्यकता है।
सैनी ने कहा कि तेल और अन्य पदार्थों पर निर्भरता कम करके बिजली और सौर ऊर्जा की ओर बढ़ना जरूरी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश को मजबूत बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए आमजन से इसमें सहयोग की अपील की।