HARYANA VRITANT

Haryana News हरियाणा में नए साल की शुरुआत बेहद ठंडी होगी। मौसम विभाग ने 13 जिलों में कोल्ड डे के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। दिन और रात दोनों ठंड की चपेट में रहेंगे। बर्फीली हवाओं से तापमान सामान्य से नीचे बना रहेगा। खास बात यह है कि इस बार नए साल पर धुंध नहीं होगी।

नारनौल में सबसे ठंडी रात

नारनौल ने बीती रात हरियाणा में सबसे ठंडा दिन दर्ज किया। यहां न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस तक गिरा। हिसार, भिवानी और सिरसा में भी तापमान सामान्य से नीचे रहा। करनाल, पानीपत, कुरुक्षेत्र और कैथल जैसे जिलों में रात का तापमान अभी भी सामान्य से ऊपर है, लेकिन जल्द ही इसमें गिरावट आ सकती है।

इन जिलों में जारी है येलो अलर्ट

कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, यमुनानगर, पंचकूला, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात और पलवल जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले 24 घंटे में इन जिलों में ठंडी हवाओं और कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी।

क्या होता है कोल्ड डे?

कोल्ड डे तब माना जाता है जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम हो और अधिकतम तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस कम हो। गंभीर कोल्ड डे की स्थिति तब बनती है जब अधिकतम तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस तक कम हो।

शुष्क हवाएं और पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव

उत्तर-पश्चिमी ठंडी और शुष्क हवाएं पहाड़ों से होकर हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर तक पहुंच गई हैं। वहीं, एक पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ों पर सक्रिय हो गया है। इसके प्रभाव से 4 से 6 जनवरी के बीच हल्की बारिश और ठंडी हवाओं की संभावना है।

तापमान में वृद्धि की संभावना

पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद न्यूनतम और अधिकतम तापमान में वृद्धि हो सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 5 और 6 जनवरी को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और ठंडी हवाएं फिर से असर दिखा सकती हैं।