कांग्रेस संदेश यात्रा यात्रा को लेकर समालखा पहुंचे कांग्रेसी नेताओं ने बुधवार को प्रदेश की गठबंधन सरकार पर जमकर निशाना साधा। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव कुमारी सैलजा ने गत दिवस आसाम में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर किए हमले की निंदा करते हुए इसे यात्रा को रोकने के लिए भाजपा की साजिश बताया।
उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे देश की जनता को संदेश दे रहे हैं। अपने नेताओं का अनुसरण करते हुए प्रदेश की जनता को जोड़ने के लिए कांग्रेस संदेश यात्रा हरियाणा में शुरू की गई है। यात्रा के दौरान आम आदमी को छूने वाले सभी मुद्दों को उठाया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश में बदलाव के लिए कांग्रेस को ही विकल्प बताया।