Chandigarh Railway Station का वर्ल्ड-क्लास प्रोजेक्ट अब अप्रैल की जगह अगस्त तक पूरा होगा। ₹462 करोड़ का यह प्रोजेक्ट अंतिम चरण में है, लेकिन लगातार ट्रेनों के संचालन के कारण देरी हुई है। उद्घाटन Narendra Modi करेंगे।
पंचकूला 30 अप्रैल 2026 : चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन को पूरी तरह से वर्ल्ड क्लास बनने में थोड़ा समय और लगेगा। विश्व स्तरीय रेलवे स्टेशन को समय पर तैयार करने में रेल प्रशासन चूक गया है। विश्व स्तरीय स्टेशन का काम 30 अप्रैल तक पूरा होना था, लेकिन अब यह काम अगस्त से पहले पूरा नहीं हो पाएगा।

वर्ल्ड क्लास Chandigarh Railway Station का काम अब चार महीने आगे बढ़ गया है। खास बात यह है कि इस स्टेशन का उद्घाटन खुद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे। यह रेलवे स्टेशन देशभर में अनूठा है, क्योंकि इसकी एक एंट्री चंडीगढ़ से तो एक पंचकूला (हरियाणा) से है। चंडीगढ़ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कर्मभूमि भी है।
वहीं, प्रधानमंत्री का आवास पंचकूला में था। इसलिए इसे प्रधानमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट भी कहा जाता है। इस प्रोजेक्ट की लागत 462 करोड़ है। तीन साल पहले शुरू हुआ था प्रोजेक्ट : रेलवे लैंड डेवलपमेंट अथारिटी (आरएलडीए) के तहत इस प्रोजेक्ट को लगभग तीन साल पहले शुरू किया गया था।

वर्ल्ड क्लास रेलवे स्टेशन का काम अंतिम चरण पर है। आरएलडीए के अधिकारियों के अनुसार स्टेशन पर ट्रेनों का संचालन बिना किसी रुकावट के किया जा रहा है। ऐसे में यात्रियों का आवागमन लगा रहता है, जिस वजह से प्रोजेक्ट में देरी हुई है। हालांकि प्रोजेक्ट का कार्य अपने अंतिम चरण पर है। अगस्त तक पूरा रेलवे स्टेशन बनकर तैयार हो जाएगा।
प्लेटिनम रेटिंग के अनुरूप तैयार किया जा रहा Chandigarh Railway Station
पूरा प्रोजेक्ट ग्रीन बिल्डिंग्स की प्लेटिनम रेटिंग के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। नया स्टेशन प्रतिदिन 90 हजार यात्रियों की क्षमता के साथ अगले 30 साल तक की जरूरतों को पूरा करने के लिए तैयार किया जा रहा है। रेलवे स्टेशन के पास ही 1,350 किलोवाट का सोलर प्लांट लगाया जा रहा है, जो हरित ऊर्जा की आपूर्ति करेगा। पूरे स्टेशन को यहीं से बिजली आपूर्ति की जाएगी।
चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर बलबीर सिंह ने कहा कि वर्ल्ड क्लास Chandigarh Railway Station प्रोजेक्ट का काम अंतिम चरण पर है। हालांकि इसे पूरा होने में जुलाई से अगस्त तक का समय लग जाएगा। हमारी कोशिश है कि प्रोजेक्ट को जल्द पूरा किया जा सके।