भिवानी में 238 केंद्रों पर 73,091 अभ्यर्थी देंगे HTET-3 परीक्षा, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (एचटेट) जुलाई-2025 के अंतर्गत लेवल-3 (पीजीटी) की परीक्षा शनिवार को प्रदेश के 238 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न होगी। इस परीक्षा में कुल 73,091 अभ्यर्थी भाग लेंगे। परीक्षा की तैयारियों के तहत शुक्रवार को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड मुख्यालय से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ प्रश्न-पत्र सभी जिला मुख्यालयों के लिए भेजे गए। पुलिस और बोर्ड अधिकारियों की सघन निगरानी में यह प्रक्रिया पूरी की गई।

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. शंकर लाल धूपड़ और सचिव मुनीश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षा दोपहर तीन बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक सांयकालीन सत्र में आयोजित होगी। परीक्षा के निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी संचालन के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जा चुके हैं। बोर्ड अध्यक्ष ने शुक्रवार को स्वयं बोर्ड मुख्यालय में प्रश्न-पत्र वितरण व्यवस्था का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डॉ. धूपड़ ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की गोपनीयता, निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना बोर्ड की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों से अपील की कि वे निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचें। साथ ही उन्होंने अभ्यर्थियों को सलाह दी कि वे अपना प्रवेश पत्र और वैध पहचान पत्र साथ लाना न भूलें तथा परीक्षा के दौरान बोर्ड द्वारा जारी सभी निर्देशों का सख्ती से पालन करें।