हरियाणा रोडवेज कर्मचारी साझा मोर्चा की ओर से शुक्रवार को रोडवेज डिपो प्रागंण में काले झंडों के साथ दो घंटे का प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने अतिरिक्त परिवहन सचिव (एसीएस) नवदीप सिंह विर्क पर तानाशाही रवैया बरतने का आरोप लगाया।
प्रदर्शन के दौरान 26 जून को प्रदेशस्तर पर एक दिन की हड़ताल करने का निर्णय लिया गया। कर्मचारियों ने कहा कि सुबह आठ से शाम आठ बजे तक 12 घंटे के चक्का जाम से डिपो के राजस्व को नुकसान और यात्रियों को असुविधा झेलनी पड़ेगी, इसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
राज्य साझा मोर्चा के वरिष्ठ सदस्य विरेन्द्र सिंगरोहा ने बताया कि हिसार डिपो में कर्मचारियों के कई केस लंबित हैं। इसके कारण कर्मचारियों के एसीपी जैसे महत्वपूर्ण लाभ भी अटके हुए हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए हिसार डिपो के साझा मोर्चे ने 15 मई को महाप्रबंधक को नोटिस दिया। इसकी सूचना अतिरिक्त परिवहन सचिव को भी दी गई।
- अतिरिक्त परिवहन सचिव द्वारा कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान बारे कोई कदम नहीं उठाया गया। महाप्रबंधक की बिना तथ्यों की बातों में आकर गुमराह होकर दो कर्मचारी नेताओं के तबादले दूर-दराज डिपो में कर दिए।
- डिपो प्रधान सुरेश नेहरा ने बताया की जब कर्मचारियों की समस्या होती है तो वह अपने महाप्रबंधकों को अवगत करवाते हैं। लेकिन समय पर समाधान नहीं होता और मजबूरी में डिपो कमेटी आंदोलन करती है। सरकार कर्मचारी नेताओं के तबादले कर आंदोलन को दबाने का काम कर रही है।