परिवहन मंत्री अनिल विज के ड्राइवर से 50 लाख की ठगी, बेटे को डंकी से भेजा अमेरिका

हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज के सरकारी चालक के साथ 50 लाख रुपये की बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। गोहाना निवासी राकेश कुमार के बेटे नवीन वर्मा को कानूनी तरीके से अमेरिका भेजने का वादा करके एजेंटों ने मोटी रकम ऐंठ ली। मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद रोजगार की तलाश में नवीन अमेरिका जाना चाहता था।

पानीपत की गोपाल कॉलोनी निवासी ट्रेवल एजेंट कुलदीप ने परिवार से संपर्क साधा और हवाई मार्ग से वैध वीजा पर अमेरिका पहुंचाने का भरोसा दिलाया। शुरुआत में 40 लाख रुपये में सौदा तय हुआ, लेकिन वीजा और अन्य प्रक्रियाओं के नाम पर किस्तों में कुल 50 लाख रुपये वसूल लिए गए।

हालांकि, एजेंट ने वादे के विपरीत नवीन को अवैध ‘डंकी रूट’ से मेक्सिको के रास्ते अमेरिकी सीमा में धकेल दिया। अमेरिकी सीमा पर पहुंचते ही बॉर्डर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया और 14 महीने तक डिटेंशन सेंटर में रखा गया। युवक को जेल जैसी परिस्थितियों में रहना पड़ा।

दिसंबर 2025 में अमेरिकी अधिकारियों ने नवीन को डिपोर्ट कर भारत भेज दिया। स्वदेश लौटने के बाद पीड़ित पिता राकेश कुमार ने पानीपत के पुराना औद्योगिक थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने एजेंट कुलदीप और उसके साथियों के खिलाफ धोखाधड़ी और कबूतरबाजी की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।