अंबाला रेलवे भर्ती में एआई कैमरे ने पकड़े 7 फर्जी अभ्यर्थी, दो फरार

अंबाला छावनी स्थित रेलवे स्टेडियम में आयोजित शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान एआई कैमरों ने तीन दिन में सात फर्जी अभ्यर्थियों को पकड़ लिया है। ये सभी दूसरे उम्मीदवारों के स्थान पर परीक्षा देने पहुंचे थे, जबकि दो आरोपी मौके से फरार हो गए हैं। रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ द्वारा 22 से 28 सितंबर तक आयोजित इस परीक्षा में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पहली बार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से लैस कैमरों का उपयोग किया गया।

बायोमीट्रिक मिलान और एआई कैमरों के डेटा विश्लेषण से यह फर्जीवाड़ा उजागर हुआ। राजस्थान के अलवर निवासी गिरराज मीना पहले नागपुर में राहुल मीना के नाम पर परीक्षा दे चुका था। इसी तरह उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद निवासी संदीप कुमार यादव रतलाम में अपने रिश्तेदार अभिषेक की जगह परीक्षा में शामिल हुआ था। हिसार के जाखल रेलवे कॉलोनी निवासी सतीश ने 22 सितंबर को अपने दोस्त दीपक के स्थान पर परीक्षा दी और अगले दिन खुद की परीक्षा देने पहुंचा, जहां वह पकड़ा गया और फिर भाग निकला।

शुक्रवार को तीन और संदिग्ध युवक एआई कैमरे की गिरफ्त में आए हैं, जो किसी अन्य की जगह शारीरिक दक्षता परीक्षा में बैठे थे। मंडल रेल प्रबंधक द्वारा गठित तीन वरिष्ठ अधिकारियों की समिति ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पड़ाव थाना पुलिस ने सहायक कार्मिक अधिकारी सुरेश कुमार की शिकायत पर धारा 319(2) और 318(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

एआई कैमरे परीक्षा केंद्र में प्रवेश करते ही अभ्यर्थी के चेहरे को स्कैन कर आधार डेटा और आवेदन पत्र की तस्वीर से मिलान करते हैं। चेहरे के नैन-नक्श में थोड़ा भी अंतर मिलने पर सिस्टम तुरंत रेड सिग्नल दे देता है। डीआरएम विनोद भाटिया ने पुष्टि की कि अंबाला मंडल में ग्रुप डी की शारीरिक दक्षता परीक्षा में पहली बार एआई कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है और सभी मामलों को स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया है।