
रोहतक के मायना गांव के पास झज्जर रोड पर रविवार सुबह एक चलते ट्रक में भीषण आग लग गई, जिसमें लाखों रुपये का प्लास्टिक दाना जलकर राख हो गया। घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन ट्रक पूरी तरह नष्ट हो गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, ट्रक चालक राजू झज्जर से रोहतक की ओर प्लास्टिक का दाना लेकर आ रहा था। सुबह करीब 11 बजे जब वाहन मायना गांव के पास पहुंचा तो अचानक ट्रक से धुआं निकलना शुरू हुआ और कुछ ही पलों में आग की लपटें उठने लगीं। चालक ने स्थानीय लोगों की सहायता से आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन दोपहर 12:30 बजे आग दोबारा भड़क उठी और इस बार तेजी से विकराल रूप ले लिया।
प्लास्टिक के दानों तक आग पहुंचने से स्थिति और गंभीर हो गई। तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद दो फायर ब्रिगेड गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया।
शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है। हादसे में ट्रक और उसमें लदा सामान पूरी तरह नष्ट हो गया, जिसकी कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।