झज्जर रोड पर गांव मायना के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई जब चलते ट्रक में अचानक आग लग गई। घटना में ट्रक और उसमें रखा सामान जलकर राख हो गया। हालांकि, समय रहते दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया।

पुलिस के अनुसार, ट्रक चालक राजू झज्जर से रोहतक की ओर आ रहा था। ट्रक में प्लास्टिक का दाना भरा हुआ था। सुबह करीब 11 बजे जब वह गांव मायना के पास पहुंचा तो ट्रक से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग लग गई।
चालक ने स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया और कुछ समय के लिए आग पर काबू भी पा लिया, लेकिन करीब 12:30 बजे ट्रक में दोबारा आग भड़क उठी, जो इस बार तेजी से फैलकर विकराल रूप ले गई।
आग प्लास्टिक के दानों तक पहुंच गई, जिससे उसे नियंत्रित करना मुश्किल हो गया। इसके बाद तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन ट्रक और उसमें रखा लाखों रुपये का सामान पूरी तरह जल गया। शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है।