हरियाणा के सिरसा जिले के कालुआना गांव से बोलेरो गाड़ी समेत लापता हुए चार लोगों के शव पांच दिन बाद शुक्रवार को राजस्थान नहर से मिले हैं। सुबह करीब 10 बजे काला तितर तथा सुकेराखेड़ा पुल के बीच एक शव बहता मिला था।

दोपहर बाद करीब एक बजे पुलिस ने नहर में गिरी बोलेरो गाड़ी को बाहर निकाला तो उसमें से चार शव बरामद हुए। मृतकों में 54 वर्षीय रविंद्र उर्फ चौथ राम, 33 वर्षीय विनोद उर्फ बिंद्र, 26 वर्षीय रायसिंह निवासी कालुआना और चौथा 46 वर्षीय बलवीर सिंह निवासी गणेशगढ़ है।
चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए डबवाली के उपमंडल नागरिक अस्पताल में ले जाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव वारिसों को सौंप दिए गए। जानकारी के अनुसार 13 जुलाई की रात्रि करीब साढ़े नौ बजे घर से निकले थे। चारों बोलेरो में सवार थे। बिंद्र ने अपने चचेरे भाई को कहा था कि वे कुछ समय में लौटकर आ रहे हैं।
बाद में चारों के मोबाइल बंद मिले। 14 जुलाई की देर शाम तक वापस नहीं लौटे तो स्वजन ने पुलिस में केस दर्ज करवाया था। पुलिस तथा ग्रामीणों ने सीसीटीवी फुटेज देखी तो पता चला कि वे गंगा गांव की ओर गए थे। गंगा गांव में रात 12.08 की फुटेज मिली। जिसके आधार पर राजस्थान नहर पर तलाश शुरू की गई थी।
वीरवार शाम करीब छह बजे काला तितर-सुकेराखेड़ा पुल के मध्य बोलेरो गाड़ी नहर में गिरने के तथ्य मिले तो गोताखोर बुलाए गए। रात्रि आठ बजे गोताखोरों ने पुष्टि की कि नहर में गाड़ी है। शुक्रवार सुबह फिर से सर्च ऑपरेशन चलाया गया और विनोद उर्फ बिंद्र का शव मिल गया। गाड़ी को हाइड्रा की मदद से बाहर निकाला गया तो उसमें से तीनों शव मिल गए।
तीन दोस्त थे, चौथा रिश्तेदार
सदर थाना पुलिस प्रभारी एसआई शैलेंद्र कुमार ने बताया कि गांव कालुआना निवासी रविंद्र, विनोद तथा राय सिंह दोस्त थे। जबकि बलवीर सिंह बिंद्र का रिश्तेदार था।
चारों खाने-पीने के लिए गांव अबूबशहर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बोलेरो गाड़ी राजस्थान नहर में गिर गई। स्वजन के बयानों के आधार पर इत्तेफाकिया मौत की कार्रवाई की गई है।