हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला और उनके भाई जजपा यूथ विंग के प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला द्वारा सोमवार को हिसार में बुलाई गई महापंचायत पर सभी दलों की निगाह टिकी हुई है।इस महापंचायत से पहले दुष्यंत चौटाला ने जहां खापों और समर्थकों के बीच जाकर जनसमर्थन जुटाया।

वहीं दिग्विजय चौटाला ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, किसान नेता राकेश टिकैत व नरेश टिकैत, पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव और अपने दादा पूर्व मंत्री रणजीत चौटाला का समर्थन प्राप्त किया।

दुष्यंत चौटाला पर हथियार तानने का आरोप

हिसार की सीआईए पुलिस द्वारा दुष्यंत व दिग्विजय का काफिला रोकने तथा सीआइए इंस्पेक्टर पवन कुमार द्वारा उन पर वैपन तानने के आरोपों के बीच महापंचायत काफी महत्वपूर्ण हो गई है।

महापंचायत बुलाने से पहले दुष्यंत चौटाला ने हालांकि कहा है कि राज्य के विश्वविद्यालयों में एक विशेष विचारधारा का प्रवाह हो रहा है और छात्र संगठनों को छात्र हितों की लड़ाई लड़ने के लिए विश्वविद्यालयों में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है।

लेकिन माना जा रहा है कि इस विचाराधारा के विरुद्ध लड़ाई के साथ-साथ सीआइए हिसार पुलिस की कार्रवाई का विरोध भी महापंचायत बुलाने के पीछे बड़ा कारण है।

भाकियू नेता राकेश टिकैत ने जब से जजपा नेताओं को परिवार और समर्थकों के बीच जाने की सलाह दी है, तब से दुष्यंत और दिग्विजय जनता के बीच में हैं।

महापंचायत में शामिल होंगे ये नेता

पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने किसान नेताओं, खाप प्रतिनिधियों, राज्य के सभी सरपंचों सहित तमाम राजनेताओं से छात्र हित में महापंचायत में शामिल होने का आग्रह किया है। हिसार घटनाक्रम के बाद जेजेपी नेताओं की अरविंद केजरीवाल, पप्पू यादव, नरेश टिकैत, अखिलेश यादव और रणजीत सिंह से मुलाकात भी हुई है।

सांसद चंद्र शेखर आजाद, हरेंद्र सिंह मलिक, दीपेंद्र सिंह हुड्डा, राजा वडिंग, कुमारी सैलजा, चौधरी बीरेंद्र सिंह, कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया, भरत सिंह बेनीवाल, इनेलो विधायक आदित्य देवीलाल, कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स, अशोक अरोड़ा, रामकरण काला, अकरम खान और इनेलो नेत्री सुनैना चौटाला ने महापंचायत का समर्थन करते हुए सीबीआइ पुलिस की कार्रवाई का कड़ा विरोध किया है।

दुष्यंत चौटाला को मिल रहा समर्थन

छात्र संगठनों एनएसयूआइ, एएसएपी, एसएफआइ, एएमवीए, सीईएम, आइएसएफ, वाईएसएफ, एआइडीएसओ और पीएसएफ ने दुष्यंत व दिग्विजय चौटाला की महापंचायत का समर्थन किया है। अनेक जिलों की बार एसोसिएशन वर्क सस्पेंड करते हुए घटना की निंदा कर चुकी हैं, जबकि जाट महासभा राजस्थान ने भी दुष्यंत चौटाला का समर्थन किया है।

दुष्यंत चौटाला व दिग्विजय चौटाला का कहना है कि कहीं न कहीं हरियाणा सरकार भी हिसार घटनाक्रम के दोषी पुलिस वालों को बचाने में लगी हुई है और छात्र हित में लड़ी जा रही इस लड़ाई को कमजोर करने की कोशिश हो रही है, लेकिन हम संघर्ष जारी रखेंगे।