यमुनानगर। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद कुमारी सैलजा का कहना है कि प्रधानमंत्री हरियाणा के दौरे पर आ रहे हैं। उन्हें हरियाणा के लिए विशेष पैकेज घोषित करना चाहिए। हरियाणा के युवाओं को नौकरी मिले, कानून व्यवस्था ठीक हो। इस तरह के इंतजाम होने चाहिए। वह शनिवार को कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष राकेश काका के आवास पर पहुंची थी।

उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि हरियाणा में बीजेपी की सरकार आने के 10 वर्ष में बिजली का एक भी संयंत्र नहीं लगाया गया। अब प्रधानमंत्री 800 मेगावाट की यूनिट का शिलान्यास करने आ रहे हैं। उम्मीद करते हैं कि इलाके को फायदा होगा। थर्मल से उड़ने वाली राख को लेकर भी अभी तक कोई हल नहीं निकाला गया है। यमुनानगर इंडस्ट्रियल टाउन है। जहां मेटल और प्लाईवुड का कारोबार था लेकिन आज सरकार की लापरवाही के कारण यह उद्योग समाप्ति के कगार पर है। प्रधानमंत्री को उनके लिए कोई पैकेज घोषित करना चाहिए।
‘रोजगार की दिशा में कोई कार्रवाई नहीं’
भाजपा नेताओं के ट्रिपल इंजन सरकार के दावे को खोखला बताते हुए कहा कि यह धीमी गति के समाचारों वाली सरकार है, काम होते नहीं है झूठे प्रचार करते हैं। हरियाणा की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है, कानून व्यवस्था का दीवाला निकल चुका है।
बेरोजगार युवा दिशाहीन होकर नशे की तरफ अग्रसर है। सरकार ने बेरोजगारों को रोजगार देने का वादा किया था अभी तक इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि केंद्र व हरियाणा में जुमलेबाजी वाली सरकार है, जो वादे किए थे उन्हें पूरा नहीं किया गया है ।हरियाणा नेता विपक्ष घोषित करने और कांग्रेस के संगठन को लेकर उन्होंने कहा कि यह देखना पार्टी हाई कमान का काम है।
‘देश की समस्याओं से ध्यान हटाना चाहती सरकार’
उन्होंने माना कि संगठन जल्दी घोषित होना चाहिए, इससे कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ता है। एक राष्ट्र एक चुनाव और वक्फ बोर्ड जुमला है, वास्तव में केंद्र सरकार देश की समस्याओं से ध्यान हटाना चाहती है। हरियाणा में सरकारी स्कूलों को मजबूत किया जाना चाहिए। निजी स्कूलों की मनमानी समाप्त होनी चाहिए। क्योंकि गरीब का बच्चा सरकारी स्कूलों में ही पढ़ने को मजबूर है।वहीं उन्होंने कहा कि कौशल रोजगार नियम में भी भेदभाव और मनमानी जारी है। यहां बेरोजगारों से मजाक किया जाता है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर एक स्कैम है बिजली के रेट बढ़ा दिए गए हैं और अब भाजपा नेता कहते हैं कि कांग्रेस के समय में 11 बार रेट बढ़े। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता कब तक कांग्रेस को रोते रहेंगे, आप अपने समय में क्या किया वह जनता को बताएं।
अनिल गोयल पक्के कांग्रेसी : सैलजा
राकेश काका व अनिल गोयल को पार्टी से निकाले जाने के सवाल पर कुमारी सैलजा ने कहा कि राकेश काका और अनिल गोयल पक्के कांग्रेसी हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदय भान ने इन दोनों नेताओं के पार्टी से निष्कासन को रद्द करते हुए एक पत्र भी जारी किया है।