यमुनानगर: गड्ढे से बचते कांवड़ यात्रियों को ट्रक ने कुचला, दो की मौत

हरियाणा के यमुनानगर जिले में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रहे दो युवकों की मौत हो गई। रादौर-कुरुक्षेत्र रोड पर गांव धोड़ंग के पास यह हादसा तब हुआ जब सड़क पर बने गड्ढे से बचने के प्रयास में पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया।

मृतकों की पहचान जींद जिले के नरवाना स्थित मोरपत्ती मोहल्ला निवासी 21 वर्षीय सचिन और 21 वर्षीय अजय कुमार उर्फ काला के रूप में हुई है। घटना के समय उनके साथ तीसरे साथी विक्रम कुमार भी थे, जिन्होंने सड़क किनारे कूदकर अपनी जान बचाई। तीनों युवक 3 अगस्त को हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रहे थे और 6 अगस्त की रात करीब 11 बजे सहारनपुर-कुरुक्षेत्र स्टेट हाईवे पर इस घटना का शिकार हुए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यमुनानगर की ओर से तेज गति में आए ट्रक ने दोनों युवकों को टक्कर मारी। घायलों को तुरंत एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

किसान नेता सुभाष गुर्जर ने बताया कि घटनास्थल पर सड़क की स्थिति अत्यंत खराब है और कई गड्ढे बने हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क की मरम्मत के लिए कई बार प्रशासन को अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की यही खराब स्थिति इस दुर्घटना की मुख्य वजह बनी।