Haryana Vritant

पानीपत: मुख्यमंत्री मनोहर लाल और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पानीपत की धरती पर सोमवार को आमने-सामने दिखे। पहले पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अनाज मंडी में आढ़तियों और किसानों से बात कर गठबंधन सरकार पर हमला बोला। इसके दो घंटे बाद पानीपत पहुंचे मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने उसी भाषा में हुड्डा को जवाब दिया। उन्होंने बीती ताहि बिसार दे की नसीहत देते हुए कहा कि हुड्डा पिछली बातों को छोड़कर आगे की बात करें।

पूर्व मुख्यमंत्री दोपहर बाद करीब एक बजे पानीपत और समालखा अनाज मंडी में पहुंचे थे। वहीं मुख्यमंत्री मनोहर लाल दोपहर बाद करीब तीन बजे अंसल स्थित जैन स्थानक में एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। यहां 147 दिव्यांगों को कृत्रिम अंग दिए गए और 69वीं सीनियर राष्ट्रीय महिला टीम को स्वर्ण पदक जीतने पर सम्मानित किया गया।

75 पार के नारे की निकली, गठबंधन भी फेल : हुड्डा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा दिल्ली से चंडीगढ़ जाते समय समालखा और पानीपत अनाज मंडी में पहुंचे थे। उन्होंने यहां किसानों व आढ़तियों से बात की। कहा कि भाजपा ने 2019 के चुनाव में प्रदेश में 75 पार का नारा दिया था, लेकिन गठबंधन करने को मजबूर हो गए। अब प्रदेश में गठबंधन सरकार भी फेल साबित हुई है। हर रोज धरने और प्रदर्शन किए जा रहे हैं।

हुड्डा पिछली बातों को छोड़ आगे की सोचें : मनोहर
पूर्व सीएम हुड्डा की ओर से 75 पार के नारे और गठबंधन सरकार पर उठाए गए सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि बीती ताहि बिसार दे, आगे की सुध ले। उन्होंने कहा कि हुड्डा पिछली बातों को छोड़कर आगे आने वाले चुनाव की सोच लें।

उन्होंने कहा कि बारिश के चलते अभी मंडी में पर्याप्त गेहूं नहीं आ रहा है, जो गेहूं पहुंचा है उसमें नमी है। इसे जांच कर खरीद की जा रही है। सरकार ने लस्टर लॉस और टूटे दाने में छूट दी है। सभी तहसीलदारों को स्पेशल गिरदावरी के भी आदेश दिए थे। इसके बाद फिर बारिश हो गई।

By Anita

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *