
हरियाणा के सोनीपत जिले में गुरुवार को क्राइम ब्रांच गोहाना की टीम और कुख्यात बदमाश अंकित उर्फ डाकू के बीच मुठभेड़ हुई। गांव खानपुर के पास हुई इस मुठभेड़ में आरोपी अंकित के पांव में गोली लगी और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। कथुरा निवासी यह आरोपी पिछले तीन दिनों में तीन अलग-अलग वारदातों को अंजाम दे चुका था और स्थानीय पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, क्राइम ब्रांच की टीम को सूचना मिली थी कि अंकित खानपुर इलाके में छिपा हुआ है। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें अंकित के पांव में गोली लगी। मुठभेड़ के बाद सोनीपत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
क्राइम ब्रांच की टीम ने घायल आरोपी को तुरंत इलाज के लिए खानपुर पीजीआई पहुंचाया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा भी बरामद किया है। अधिकारियों ने बताया कि अंकित पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से फरार चल रहा था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है और हाल की वारदातों में उसकी संलिप्तता की गहन जांच की जा रही है।