शाहाबाद में धान खरीद विवाद: किसान नेताओं को घरों से उठाया, धरना जारी

हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद में धान खरीद की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन लगातार तीसरे दिन भी जारी है। मंगलवार को नेशनल हाईवे पर हुई झड़प और लाठीचार्ज के बाद किसान पूरी रात बराड़ा रोड पर डटे रहे। प्रशासन ने बुधवार सुबह स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई किसान नेताओं को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने बुधवार तड़के करीब 4 बजे भारतीय किसान यूनियन (शहीद भगत सिंह) के जिला अध्यक्ष संजू नंबरदार और प्रदेश सचिव संजीव आलमपुर को उनके घरों से हिरासत में ले लिया। ये दोनों नेता प्रदेश भर के किसानों से शाहाबाद पहुंचने का आह्वान कर रहे थे। इससे पहले भाकियू चढूनी के प्रवक्ता राकेश बैंस और जसवीर सिंह मामूमाजरा को मंगलवार को ही हिरासत में लिया जा चुका है।

भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी पूरी रात धरना स्थल पर मौजूद रहे। उन्होंने सिख संगठनों और किसान यूनियनों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की है। चढूनी ने घोषणा की है कि बुधवार दोपहर तक धरना जारी रहेगा और इसके बाद प्रदेश भर से आए किसान प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

दोबारा हिंसक झड़प की आशंका को देखते हुए शाहाबाद और आसपास के इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। धरना स्थल की घेराबंदी के साथ ही खुफिया विभाग की टीमें अन्य किसान नेताओं की गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं। नेशनल हाईवे और संपर्क मार्गों पर बैरिकेडिंग कर सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया है।