HARYANA VRITANT

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि हरियाणा में भर्ती प्रक्रिया को रोकने की कोशिश करने वाले लोग “भर्ती रोको गैंग” का हिस्सा हैं, लेकिन प्रदेश में पारदर्शिता के आधार पर भर्तियां हो रही हैं।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कमल गुप्ता

एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल पर बातचीत

एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर डॉ. गुप्ता ने बताया कि 9 में से 7 मांगों पर सहमति बन चुकी है, और एक से दो दिन में इस समस्या का समाधान हो जाएगा। हालांकि, कर्मचारियों को नियमित करने और सातवें वेतन आयोग की मांग में दिक्कत आ रही है क्योंकि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कर्मचारियों को केंद्र सरकार से अनुदान मिलता है। पीजीआईएमएस की नर्सों से हड़ताल खत्म करने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी मांगों पर उच्च स्तर पर विचार किया जा रहा है।

महिला डॉक्टर से दुष्कर्म पर दुख और नर्सों की हड़ताल पर सलाह

डॉ. गुप्ता ने कोलकाता में महिला डॉक्टर से दुष्कर्म और हत्या की घटना पर दुख जताया और पश्चिम बंगाल सरकार को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने पीजीआईएमएस की नर्सों की हड़ताल के बारे में कहा कि बातचीत के जरिए ही समाधान निकाला जा सकता है और नर्सिंग स्टाफ को हड़ताल छोड़कर ड्यूटी पर लौटना चाहिए।

कांग्रेस पार्टी में गुटबाजी पर कटाक्ष

कांग्रेस पार्टी में गुटबाजी पर कटाक्ष करते हुए डॉ. गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस में कई गुट बने हुए हैं और प्रदेश कार्यकारिणी व जिलाध्यक्ष तक नहीं हैं। वहीं, भाजपा में हर तीन साल में राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव होता है, और हाल ही में विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं से रायशुमारी भी की गई है।