HARYANA VRITANT

रेवाड़ी फैक्ट्री विस्फोट मामले में मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है जबकि 10 से अधिक अन्य श्रमिकों की हालत गंभीर बनी हुई है। शनिवार देर शाम हुए ब्लास्ट में 40 कर्मचारी झुलस गए थे। मामले में पुलिस ने रविवार को केस दर्ज किया था। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घटना की उपमंडलीय मजिस्ट्रेट के तहत पर जांच के आदेश दिए।

रेवाड़ी फैक्ट्री विस्फोट

धारूहेड़ा के लाइफ लांग फैक्ट्री में शनिवार को प्रेशर पाइप फटने से हुए हादसे में झुलसे श्रमिकों में से तीन ने मंगलवार देर रात दम तोड़ दिया। इसके बाद मरने वालों की संख्या चार हो गई।

एक श्रमिक ने मंगलवार सुबह दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में दम तोड़ दिया था। तीन श्रमिकों ने रोहतक के पीजीआइ में दम तोड़ा है। दिल्ली के सफदर जंग अस्पताल में भर्ती छह अन्य श्रमिकों की हालत नाजुक बताई जा रही है।

झुलस गए थे 40 श्रमिक

लाइफ लांग फैक्ट्री में ऑटो पार्टस बनाए जाते हैं। 16 मार्च की शाम करीब सात बजे बायलर के पास लगा प्रेशर पाइप और डस्ट कलेक्टर में विस्फोट होने के बाद केमिकल की चपेट में आने से 40 श्रमिक झुलस गए थे। तीस श्रमिकों की गंभीर हालत होने के चलते रोहतक स्थित पीजीआइ में भर्ती कराया गया था।

पीजीआइ से आठ श्रमिकों को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराए गए थे। यहां पर भर्ती उत्तर प्रदेश के बहराइच के गांव भाकरी के रहने विजय की मौत हो चुकी हैं। मंगलवार देर रात रोहतक पीजीआइ में भर्ती चार श्रमिकों की मौत हो गई जिसके बाद मरने वालों की संख्या पांच हो गई।

उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिला के गांव उसानिधा के रहने वाले अजय (32) जिला गोरखपुर के गांव सेवल के रामू (28),जिला फैजाबाद के गांव जखोली के रहने वाले राजेश (38) ने दम तोड दिया है। एक अन्य श्रमिक कुन्नी की मौत बुधवार सुबह हुई उसके पते की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

सीएम ने दिए जांच के आदेश

उल्लेखनीय है कि बॉयलर ब्लास्ट के मामले में पुलिस ने रविवार को केस दर्ज किया था। मामले में ठेकेदार और अन्य पर मामला दर्ज किया गया है। मामले में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घटना की उपमंडलीय मजिस्ट्रेट के तहत पर जांच के आदेश दिए थे।