
हरियाणा के फतेहाबाद में रक्षाबंधन पर्व की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। शहर के बाजारों में रौनक बढ़ने के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों को सादी वर्दी में तैनात किया जाएगा, जो छेड़छाड़, जेबकतरी और मोबाइल चोरी जैसी घटनाओं पर नजर रखेंगी। प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में करीब 500 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
रोडवेज विभाग ने भी विशेष इंतजाम किए हैं। गुरुवार दोपहर 12 बजे से महिलाओं को बसों में निःशुल्क सफर की सुविधा मिलेगी, जिसका लाभ वे अपने बच्चों के साथ उठा सकेंगी। हिसार और सिरसा रूट पर यात्रियों की संख्या बढ़ने पर 20 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी।
हालांकि बढ़ती महंगाई ने खरीदारी का मजा किरकिरा कर दिया है। चीनी और कच्चे माल की बढ़ती कीमतों के कारण मिठाइयां 30 से 50 रुपये प्रति किलो तक महंगी हो गई हैं। रक्षाबंधन पर सबसे ज्यादा मांग वाला ग्वार पेठा 100 रुपये से बढ़कर 150 रुपये किलो तक पहुंच गया है। महंगाई के कारण लोग पहले की तुलना में कम मात्रा में मिठाई खरीद रहे हैं।
पंचांग के अनुसार 28 अगस्त को राखी बांधने का शुभ मुहूर्त सुबह 6 बजकर 2 मिनट से 9 बजकर 48 मिनट तक है। इस बार बाजार में पारंपरिक राखियों के साथ ब्रेसलेट, रुद्राक्ष, चांदी और पर्सनलाइज्ड राखियों की विशेष मांग देखी जा रही है।