
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के गुरुग्राम दौरे से पहले पार्टी में एकजुटता बनाने की कवायद तेज हो गई है। 8 मई को गुरुग्राम में होने वाली सद्भाव यात्रा में पार्टी के सभी धड़ों के नेता एक मंच पर दिखाई देंगे। हरियाणा प्रभारी बीके हरिप्रसाद गुरुवार को गुरुग्राम पहुंचकर नेताओं के साथ बैठक करेंगे और सभी को यात्रा में शामिल होने का संदेश देंगे।
राहुल गांधी चाहते हैं कि निकाय चुनाव के मतदान से पहले यह संदेश जाए कि पार्टी में कोई गुटबाजी नहीं है। इसी मकसद से वह खांडसा चौक से निकलने वाली यात्रा और बाद में होने वाली सभा में हिस्सा लेने आ रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह समेत कई नेता बैठक में मौजूद रहेंगे, जबकि विधायकों और सांसदों को मोबाइल पर भी संदेश दिया जाएगा।
गौरतलब है कि बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा में रणदीप सुरजेवाला, कुमारी सैलजा, कैप्टन अजय यादव और कुलदीप शर्मा शामिल हुए थे, लेकिन हरिप्रसाद और राव नरेंद्र सिंह ने दूरी बना ली थी। उन्होंने इसे निजी कार्यक्रम बताया था। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सांसद दीपेंद्र हुड्डा और उनके करीबी भी यात्रा में नहीं आए थे।
अब चूंकि यह कार्यक्रम पार्टी के आधिकारिक मंच का हिस्सा बन गया है, इसलिए सभी गुटों के नेताओं के शामिल होने की प्रबल संभावना है। आज होने वाली बैठक में राहुल गांधी के रूट से जुड़े अधिकारी भी मौजूद रहेंगे ताकि सुरक्षा के हिसाब से योजना तैयार की जा सके।