HARYANA VRITANT

पानीपत। सनौली रोड सब डिवीजन की एसडीओ के खिलाफ चल रहे धरने में मंगलवार को नया मोड़ आया, जब सब डिवीजन के सभी कर्मचारियों ने काम छोड़कर प्रदर्शन किया। सुबह 9 से शाम 6 बजे तक चले प्रदर्शन के दौरान एसडीओ के साथ दो बार वार्ता हुई। हालांकि, एसडीओ के आश्वासन के बाद धरने को दो दिन के लिए स्थगित कर दिया गया।

सांकेतिक तस्वीर

कर्मचारी यूनियन ने एसडीओ के रवैये को कर्मचारी हितों के खिलाफ बताते हुए, पहले वार्ता छोड़ दी थी। लेकिन दूसरी वार्ता में एसडीओ ने कुछ मांगों को मानने और बाकी पर विचार करने के लिए समय मांगा, जिसके बाद धरना अस्थायी रूप से रोकने का निर्णय लिया गया।

यूनियन के राज्य उप प्रधान जितेंद्र सैनी के अनुसार, एसडीओ को समस्याओं का एजेंडा सौंपने के बावजूद, कोई समाधान नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि छह दिन तक लगातार रोष प्रदर्शन के बाद भी कर्मचारियों की समस्याएं अनसुनी की जा रही हैं। कर्मचारियों को चार्जशीट किया जा रहा है, जिसे वे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेंगे।