Panipat Jail: जेल में बंदियों के बीच वर्चस्व और पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया। जेल की बैरक के भीतर हुए इस झगड़े में 2 बंदी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनके सिर और माथे पर स्टील के गिलास और लकड़ी के फट्टों से हमला किया गया। पुलिस ने पीड़ित बंदियों की शिकायत पर 3 अन्य हवालातियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

21 फरवरी 2026 की सुबह की है। जेल में बंद हवालाती हिंमाशु उर्फ बनिया निवासी बलजीत नगर और उसका साथी राहुल अपनी बैरक में आराम कर रहे थे। इसी दौरान जेल में ही बंद 3 अन्य बंदी- राजेश लक्ष्मण निवासी हिमाचल, रतन निवासी विद्यानंद कालोनी और रिजवान निवासी महादेव कॉलोनी उनके पास आए।
शिकायत के अनुसार, आरोपिताें ने पुराने उधार के पैसों की मांग को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि राजेश ने स्टील के गिलास से हिंमाशु के सिर पर जोरदार वार किया। वहीं राहुल के माथे पर भी गिलास से हमला किया गया। आरोपित रिजवान ने लकड़ी के टुकड़े से दोनों की पिटाई की, जबकि रतन ने उन्हें पकड़कर थप्पड़ और मुक्कों से वार किए।
हमले के दौरान आरोपितोंं ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। चीख-पुकार सुनकर मौके पर तैनात ड्यूटी कर्मचारी और अन्य बंदियों ने बीच-बचाव कर उन्हें छुड़वाया। घायलों को पहले जेल के अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया और बाद में सरकारी अस्पताल में उनकी एमएलआर काटी गई।
25 फरवरी को सेक्टर-29 थाने के एएसआई विकास और एएसआई सतीश ने जिला जेल पहुंचकर पीड़ितों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने इस मामले में तीनों आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और प्रिजन एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।