HARYANA VRITANT

कुरुक्षेत्र Kurukshetra News ब्रह्मसरोवर तट पर श्री जयराम विद्यापीठ में गुरु पूर्णिमा महोत्सव को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। गुरु पूर्णिमा महोत्सव को लेकर श्री जयराम संस्कृत महाविद्यालय के ब्रह्मचारियों एवं ऋषिकुमारों में विशेष उत्साह है। प्रवक्ता राजेश सिंगला ने बताया कि देश के विभिन्न राज्यों में श्री जयराम संस्थाओं के अंतर्गत संचालित श्री जयराम संस्कृत विद्यालयों एवं संस्कृत महाविद्यालयों में नए विद्यार्थियों, ब्रह्मचारियों एवं ऋषि कुमारों को प्रवेश से पूर्व उपनयन संस्कार करवाया जाता है।

ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी का लक्ष्य देशभर में भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों के साथ संस्कृत भाषा को भी प्रोत्साहित करना है। जयराम संस्थाओं में संस्कृत भाषा की शिक्षा ग्रहणकर सैकड़ों विद्यार्थी आज उच्च पदों पर आसीन हैं। श्री जयराम संस्थाओं में गुरु पूर्णिमा महोत्सव बड़े धूमधाम से मनाया जा रहा है। गुरु पूर्णिमा पर परमाध्यक्ष ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी द्वारा गुरु जयराम व अन्य गुरुओं सहित ब्रह्मलीन देवेंद्र स्वरूप ब्रह्मचारी का गुरु पूजन किया जाएगा। इसके उपरांत ब्रह्मचारी एवं अन्य संत महापुरुषों के सान्निध्य में श्री सत्यनारायण कथा, गुरु पूजन और भंडारे का आयोजन होगा।