HARYANA VRITANT

करनाल। बादलों की आवाजाही के कारण तापमान में मामूली गिरावट तो हुई लेकिन उमस जैसी स्थिति बनने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 27 जून से मौसम बदल सकता है। इसके बाद 28 जून से मानसूनी बारिश भी शुरू हो सकती है। मौसम कई दिनों से लगातार खुश्क रहने के कारण लोग गर्मी से बेहाल हैं।

सांकेतिक तस्वीर

केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान (सीएसएसआरआई) करनाल की जिला मौसम वेधशाला में मंगलवार को अधिकतम तापमान 36.8 व न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। अधिकतम तापमान से सामान्य से एक तो न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक है। मंगलवार को आसमान पर बादलों की आवाजाही रही। हवाएं भी चलती रहीं। जिसके कारण गर्मी तो रही लेकिन हवा ने राहत भी दी।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बुधवार को भी आसमान पर बादलों की आवाजाही रहेगी। हवाएं चल सकती है। जिससे तापमान स्थिर रह सकता है लेकिन 27 जून से मौसम में बदलाव की संभावना बन रही है। जिसके गरज चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी संभावित है। इसके बाद 28 से तीन दिनों तक लगातार मानसूनी बारिश हो सकती है। जिसमें कहीं कहीं भारी बारिश भी संभावित है।