HARYANA VRITANT

कैथल। शहर से देहात तक फिलहाल लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल सकी है। मंगलवार को सुबह से ही चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़ों ने जिलेवासियों को बेहाल कर दिया। दिन चढ़ने के साथ ही मौसम के तेवर तल्ख होते गए। दोपहर में तो ऐसा लगा मानों आसमान से आग बरस रही हो। झुलसा देने वाली गर्मी के दौरान शहर की सड़कें और बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री रिकार्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बुधवार से तापमान में कुछ गिरावट और राहत के आसार हैं।

सांकेतिक तस्वीर

पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी, उमस व तेज धूप के कारण लोग बेहाल हैं। मंगलवार को दोपहर के समय नगर के बाजार, सड़क व पार्क सुनसान दिखाई दिए। सुबह से ही चल रही धूल भरी गर्म हवा ने दोपहिया वाहन चालकों को अधिक परेशान किया। यही नहीं गर्मी व उमस के कारण आमजन की दिनचर्या पर भी भारी असर पड़ा है। गर्मी के चलते सुबह और शाम ही लोग बाजारों में खरीदारी करते हैं, जबकि दिन में सन्नाटा पसर जाता है। गर्मी का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। इस कारण अस्पतालों में उल्टी दस्त और डायरिया के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

मंडी में सब्जियों की आवक कम…

भीषण गर्मी के चलते सब्जियां भी खेतों में सूख रही हैं। मंडी में सब्जियों की आवक कम हो गई है, जिस कारण से सब्जियों के दामों में बढ़ोतरी हुई है। किसानों को भी धान रोपाई के लिए बारिश का इंतजार है। फिलहाल जो किसान धान की रोपाई कर रहे हैं, उन्हें विभिन्न परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। धान रोपाई करने वाले संजय कुमार, प्रदीप चहल, नरेंद्र कुमार, सुनील ने बताया कि धान रोपाई का कार्य शुरू हो गया है। दोपहर के समय में अधिक धूप होने से खेतों में पानी तप जाता है। इसलिए अभी वह सुबह व शाम के समय ही धान रोपाई करा रहे हैं, ताकि दोपहर के समय में मजदूरों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। एक दो दिन में बारिश की संभावना जताई जा रही है। इसके बाद मौसम में कुछ ठंडक होगी और पारा भी कम होने की उम्मीद है।

जून के बीच मौसम में बदलाव की उम्मीद…

19 से 21 जून के बीच मौसम में बदलाव की उम्मीद है। इस दौरान आसमान में बादल छाने के साथ बारिश होने की संभावना बनी हुई है। इसके बाद आमतौर पर मौसम साफ होगा और तापमान में भी गिरावट आएगी।