फरीदाबाद। यूं तो देश-प्रदेश और उसके बाद शहर की सरकार यानी नगर निगम के चुनाव भी पिछले दिनों हो चुके हैं। शहर को प्रवीन बत्रा जोशी के रूप में नया मेयर भी मिल चुका है, पर औद्योगिक नगरी में आज रविवार का दिन और अगले कुछ दिनों तक एक बार फिर चुनावी लिहाज से खासा चर्चा में रहने वाला है।

यह चुनाव है शहर के सबसे पाश क्षेत्र सेक्टर -15 की आरडब्ल्यूए का। चुनाव के लिए जिला रजिस्ट्रार की ओर से चुनाव अधिकारी के रूप में शहर के प्रसिद्ध चिकित्सक अस्थी रोग विशेषज्ञ व आईएमए के पूर्व प्रधान डा.सुरेश अरोड़ा की नियुक्ति की है, जिनके साथ उद्योगपति पप्पू जीत सिंह सरना व आनंद मेहता, मनोहर पुनियानी, राजीव मंगला और एडवोकेट सुमेधा तुली सहित 11 सदस्यीय सहयोगी टीम है।
अध्यक्ष पद के तीन पैनल हैं मैदान में
अब आते हैं चुनाव मैदान में अपने पैनल के साथ उतरे अध्यक्ष पद पाने को इच्छुक खास लोगों पर। एक पैनल है पूर्व प्रधान संजय बत्रा का जो 2017 में प्रधान रह चुके हैं, दूसरा पैनल है नीरज चावला का, नीरज चावला भी पूर्व प्रधान हैं और एक समय संजय बत्रा के साथ सचिव के रूप में सेवाएं दे चुके हैं।
तीसरा पैनल है कावेरी शुक्ला का। संजय बत्रा के पैनल में उपाध्यक्ष पद के लिए आरके विग, सचिव के लिए सतीश परनामी, कोषाध्यक्ष पद के लिए प्रियंका गर्ग, संयुक्त सचिव के लिए संदीप गुप्ता मैदान में हैं, इनके साथ कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए इस पैनल में नितिन गुप्ता, ओम प्रकाश सहगल, मनीष मनचंदा, नेहा गोयल, मनोज आहूजा और संजय वधावन चुनाव मैदान में हैं।प्रधान पद के लिए नीरज चावला के पैनल में पिंकी बरार उपाध्यक्ष पद के लिए, हर्ष रामपाल सचिव पद के लिए, कोषाध्यक्ष पद के लिए धनेंद्र जैन,संयुक्त सचिव के लिए नरेश भाटिया, कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए अमनजीत सिंह खुराना, अंतरिक्ष सब्बरवाल, नरेंद्र सिंह बग्गा, रमेश झंवर, सुनीता शर्मा और सुनील जटवानी चुनाव लड़ रहे हैं।
तीसरा पैनल महिला सशक्तीकरण का उदाहरण कावेरी शुक्ला का है, जिसमें उपाध्यक्ष पद के लिए शिवानी राजपाल, संजय अग्रवाल सचिव के लिए, कोषाध्यक्ष पद के लिए संजीव टंडन, संयुक्त सचिव पद के लिए राहुल सलूजा, कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए विराट सरीन, गुलशन सिंघल, नवीन महाजन, राकेश जैन, सांवर अग्रवाल और जितेन्द्र सिंह चुनाव मैदान में हैं। चुनाव के लिए मतदाता सूची के अनुसार 654 मतदाता हैं। चुनाव का समय सुबह 9 बजे से शाम चार बजे तक है और मतदान खत्म होने के तुरंत बाद मतगणना शुरू हो जाएगी।