
हिसार जिले में रविवार की अलसुबह बदमाशों ने दो अलग-अलग एटीएम से कुल छह लाख रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। शहर के दूरसंचार निगम के पास स्थित भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम से करीब दो लाख रुपये और गांव भिवानी रोहिल्ला में यूनियन बैंक के एटीएम से चार लाख रुपये चुराए गए। दोनों घटनाओं में बदमाश गाड़ियों में सवार होकर आए और पूर्व नियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, भिवानी रोहिल्ला में रात करीब दो बजे ब्रेजा गाड़ी में चार युवक पहुंचे। उन्होंने पहले बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे पर स्प्रे किया, फिर शटर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कटर से एटीएम मशीन की सेफ को काटकर चार लाख रुपये निकाल लिए। इसी तरह दूरसंचार विभाग के पास तड़के तीन बजे स्कॉर्पियो में आए चोरों ने सीसीटीवी को नीचे किया और अंदर घुसकर मशीन का सेफ काटा। यहां से करीब दो लाख रुपये लेकर फरार हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन वारदात स्थल पर पहुंचे और निरीक्षण किया। डॉग स्क्वाड और फिंगर एक्सपर्ट की टीमों ने मौके से साक्ष्य जुटाए। सीआईए, एचटीएम और सदर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और बैंक अधिकारियों से एटीएम के अंदर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग मांगी है।
पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमें गठित की हैं। अधिकारियों ने भरोसा जताया है कि जल्द ही आरोपितों को पकड़ लिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि 2021 में भी भिवानी रोहिल्ला के इसी एटीएम से तीन लाख 82 हजार रुपये की चोरी हो चुकी है।