Haryana News हरियाणा में कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। शुक्रवार को हिसार, झज्जर, रेवाड़ी, पंचकूला, महेंद्रगढ़ और भिवानी समेत कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा। दृश्यता 10 से 20 मीटर तक सिमट गई, जिससे लोग आग जलाकर ठंड से राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं।

कोहरे और शीतलहर का अलर्ट
मौसम विभाग ने सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में कोहरे के साथ शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। विजिबिलिटी कम होने से वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
तीन दिनों तक तापमान में मामूली बढ़ोतरी
चंडीगढ़ मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल के अनुसार, हरियाणा में अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, इसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा।
चार से पांच जनवरी को बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि चार से पांच जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश हो सकती है। पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आने वाली ठंडी हवाएं हरियाणा, पंजाब और दिल्ली-एनसीआर में बारिश का कारण बनेंगी, जिससे तापमान में भारी गिरावट होगी।
सोनीपत में कोहरे की चपेट
सोनीपत और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में कोहरे की दस्तक से दृश्यता 20 मीटर तक सिमट गई। शहरी क्षेत्र में भी दृश्यता 50 मीटर तक रही। कोहरे ने वाहन चालकों की रफ्तार को 20-30 किमी प्रति घंटा तक सीमित कर दिया। राष्ट्रीय राजमार्ग और केजीपी-केएमपी पर भी वाहनों की गति धीमी रही।
नया पश्चिमी विक्षोभ होगा सक्रिय
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, शनिवार से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके कारण हल्की बारिश और तापमान में गिरावट के साथ वातावरण में नमी बढ़ने के आसार हैं।