Haryana News हरियाणा भाजपा की मेयर पद के उम्मीदवारों की सूची में गड़बड़ी के कारण बदलाव किया गया। गुरुग्राम में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ऊषा प्रियदर्शी की जगह अब महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजरानी मल्होत्रा को टिकट दिया गया है।

बिना मंजूरी जारी हुई थी पहली सूची
भाजपा कोर कमेटी और प्रदेश चुनाव समिति की बैठक के बाद तैयार की गई सूची शुक्रवार सुबह हाईकमान की मंजूरी के बिना जारी हो गई। इसके बाद उम्मीदवारों और उनके समर्थकों ने पूरे प्रदेश में जश्न मनाना शुरू कर दिया।
हाईकमान की दखल के बाद सूची बदली
जब गलती का पता चला तो भाजपा हाईकमान ने सूची को वापस ले लिया और रात 9:30 बजे संशोधित सूची जारी की गई। इस सूची में गुरुग्राम के मेयर पद के लिए ऊषा प्रियदर्शी का टिकट बदलकर राजरानी मल्होत्रा को दिया गया।
सूची वापस लेने के पीछे क्या थी वजह?
सूची जारी होते ही कई उम्मीदवार और उनके समर्थक नाराज हो गए और पार्टी नेताओं से शिकायतें शुरू हो गईं। जिन नेताओं को टिकट नहीं मिला, उन्होंने दबाव बनाया, जिससे हाईकमान को सूची वापस लेनी पड़ी।
नई सूची जारी करने से पहले दिल्ली पहुंचे बड़े नेता
संशोधित सूची जारी करने से पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली दिल्ली पहुंचे। वहां हुई बैठक के बाद नई सूची जारी की गई, जिसमें गुरुग्राम की एक टिकट बदली गई और मानेसर की टिकट होल्ड पर रखी गई।
भाजपा ने नौ नगर निगम के लिए छह महिलाओं को दिया टिकट
हरियाणा के 10 नगर निगमों में मेयर चुनाव होने हैं। भाजपा ने नौ नगर निगमों के उम्मीदवारों की सूची जारी की, जिसमें छह महिलाओं को टिकट दिया गया।
कौन-कौन बने भाजपा के उम्मीदवार?
- गुरुग्राम: ऊषा प्रियदर्शी की जगह राजरानी मल्होत्रा को टिकट।
- फरीदाबाद: हरियाणा बाल कल्याण आयोग की चेयरपर्सन प्रवीन जोशी को उम्मीदवार बनाया गया।
- सोनीपत: पूर्व मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार रहे राजीव जैन को प्रत्याशी घोषित किया गया।
- अंबाला: महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सैलजा सचदेवा को प्रत्याशी बनाया गया।
- हिसार: नमो ऐप संचालन से जुड़ी प्रवीन पोपली को टिकट दिया गया।
- करनाल: पूर्व मेयर रेणु बाला गुप्ता पर दोबारा भरोसा जताया गया।
- पानीपत: प्रदेश ओबीसी मोर्चा की सचिव कोमल सैनी को टिकट मिला।
- रोहतक: पार्टी के वरिष्ठ नेता राम अवतार वाल्मीकि को प्रत्याशी घोषित किया गया।
- यमुनानगर: एससी मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुमन बहमनी को मैदान में उतारा गया।
भाजपा ने संगठन से जुड़े नेताओं को दी प्राथमिकता
भाजपा ने अधिकतर टिकट संगठन से जुड़े नेताओं को दी है, जिससे संदेश दिया जा सके कि पार्टी संगठन के आधार पर सत्ता तक पहुंचने का रास्ता बना रही है।