Haryana News हरियाणा सरकार ने 1990 बैच के आईएएस अधिकारी अनुराग रस्तोगी को राज्य का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है। इससे पहले, रस्तोगी वित्त आयुक्त राजस्व और वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव के पद पर कार्यरत थे। नए आदेशों के तहत, उन्हें मुख्य सचिव के साथ-साथ सामान्य प्रशासन, मानव संसाधन, कार्मिक एवं प्रशिक्षण, संसदीय मामले, सतर्कता, वित्त और योजना विभागों की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।

वित्त विभाग की जिम्मेदारी बरकरार
रस्तोगी लंबे समय से हरियाणा सरकार में वित्त विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे थे और आगामी बजट सत्र की तैयारियों में भी सक्रिय थे। सरकार ने उनके अनुभव को देखते हुए वित्त विभाग की जिम्मेदारी उन्हीं के पास रखने का निर्णय लिया है। हालांकि, उन्हें वित्त आयुक्त राजस्व के पद से मुक्त कर दिया गया है। अब देखना होगा कि सरकार इस पद पर किसे नियुक्त करती है, क्योंकि मुख्य सचिव के बाद यह पद प्रशासन में सबसे वरिष्ठ माना जाता है।
चार दिन के लिए पहले भी बने थे मुख्य सचिव
यह पहली बार नहीं है जब अनुराग रस्तोगी मुख्य सचिव बने हैं। पिछले साल, जब तत्कालीन मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद रिटायर हुए और उनके उत्तराधिकारी डॉ. विवेक जोशी ने पदभार संभालने में चार दिन का समय लिया, तब सरकार ने अंतरिम रूप से चार दिनों के लिए रस्तोगी को मुख्य सचिव की जिम्मेदारी सौंपी थी।
मूल रूप से यूपी के रहने वाले हैं रस्तोगी
अनुराग रस्तोगी का मूल निवास स्थान मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश है। वे हरियाणा सरकार में कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनकी सेवानिवृत्ति जून 2025 में होनी है, यानी वे मुख्य सचिव के पद पर चार महीने आठ दिन तक रहेंगे। यदि सरकार चाहती है तो उन्हें सेवा विस्तार भी दिया जा सकता है। हाल ही में ओडिशा के मुख्य सचिव को केंद्र सरकार द्वारा एक साल का सेवा विस्तार दिया गया है, जिससे संभावना है कि रस्तोगी को भी विस्तार मिल सकता है।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से हुआ विचार-विमर्श
सूत्रों के अनुसार, मुख्य सचिव की नियुक्ति से पहले केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से भी इस पर विचार-विमर्श किया गया था। संयोग से, बुधवार को मनोहर लाल पिंजौर में एक शादी समारोह में भाग लेने के लिए चंडीगढ़ में मौजूद थे। चर्चा के बाद ही सरकार ने अनुराग रस्तोगी की नियुक्ति के आदेश जारी किए।