HARYANA VRITANT

Haryana Election 2024 हरियाणा में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी में गठबंधन के लिए बात नहीं बन पाई। राहुल गांधी प्रदेश में आप और सपा से गठबंधन चाहते थे लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा इसके खिलाफ थे। गठबंधन नहीं होने पर आप ने 20 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। आप नेता सुशील गुप्ता ने कहा कि हम सभी 90 सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं।

हरियाणा के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच गठबंधन नहीं हो सका। सीटों के बंटवारे पर बात नहीं बनने पर आम आदमी पार्टी ने सोमवार को 20 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी।

पहली सूची में आप के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता का नाम शामिल नहीं है, जबकि वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा कैथल जिले की कलायत विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। इस सूची में भाजपा अथवा कांग्रेस के किसी असंतुष्ट नेता का भी नाम नहीं है। सूची जारी करते हुए आप के प्रदेशाध्यक्ष व अन्य वरिष्ठ नेताओं ने कहा है कि वे कांग्रेस के फैसले का ज्यादा इंतजार नहीं कर सकते थे।