HARYANA VRITANT

Haryana Election 2024 कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने करनाल के असंध में भाजपा और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने हरियाणा से बेरोजगार युवाओं के विदेश पलायन, किसानों की समस्याओं और खिलाड़ियों के शोषण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार इन वर्गों के आंसू नहीं देख रही है।

भाजपा पर संविधान को मिटाने का आरोप

राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा संविधान को खत्म करने की कोशिश में जुटी है और इसका सीधा असर गरीबों और पिछड़े वर्गों पर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने देश की सभी प्रमुख संस्थाओं को आरएसएस के हवाले कर दिया है, जिनमें दलित, ओबीसी और आदिवासी वर्ग के लिए कोई स्थान नहीं है।

जातिगत जनगणना की मांग

राहुल गांधी ने जातिगत जनगणना की मांग करते हुए कहा कि इससे देश की वास्तविक स्थिति का पता चलेगा और यह स्पष्ट होगा कि 90% आबादी के पास कुछ भी नहीं है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह 90% लोगों को उनके अधिकार देने से कतराती है।

बेरोजगारी और किसानों की समस्याएं

राहुल गांधी ने हरियाणा में बेरोजगारी, किसानों की आय, और छोटे व्यापारियों की समस्याओं पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य नहीं दे रही है, जबकि चंद उद्योगपतियों के करोड़ों के कर्ज माफ कर दिए गए हैं।

कांग्रेस की गारंटियां

राहुल गांधी ने कांग्रेस की सात गारंटियों का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर महिलाओं को 2000 रुपये महीना, सस्ते रसोई गैस सिलेंडर, गरीबों को मकान और नौकरी, वृद्धों को पेंशन और किसानों को एमएसपी की कानूनी गारंटी मिलेगी। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस हरियाणा में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी।