Faridabad News फरीदाबाद। खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेश नागर और बल्लभगढ़ के पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह बींसला ने भाजपा के संगठन पर्व 2024 में भाग लिया। उन्होंने जिला अध्यक्ष राजकुमार वोहरा की उपस्थिति में सक्रिय सदस्यता का फॉर्म भरकर भाजपा के सक्रिय सदस्य बने। इस कार्यक्रम में पलवल जिला अध्यक्ष चरण सिंह तेवतिया, सदस्यता अभियान संयोजक पंकज पूजन रामपाल, सह संयोजक अनीता शर्मा, जिला महामंत्री सुरेंद्र जांगड़ा और अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित थे।

मंत्री नागर का भाजपा की नीतियों पर जोर
सक्रिय सदस्य बनने के बाद राजेश नागर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा सरकार के नेतृत्व में भाजपा ने गरीब, महिला, किसान और युवाओं के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण काम किए हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्च नौकरी मिल रही है। भाजपा कार्यकर्ताओं को पार्टी की शक्ति बताते हुए नागर ने कहा कि समर्पित कार्यकर्ताओं के दम पर भाजपा ने तीन बार सरकार बनाई है।
भाजपा का सदस्यता अभियान और बढ़ता परिवार
भाजपा जिला अध्यक्ष राजकुमार वोहरा ने कहा कि संगठन पर्व के तहत सदस्यता अभियान जोर-शोर से चल रहा है। हजारों लोग पार्टी की विचारधारा से जुड़ रहे हैं। सक्रिय सदस्यता अभियान के तहत हर बूथ पर कम से कम तीन कार्यकर्ताओं को सक्रिय सदस्य बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समर्पित कार्यकर्ताओं को ही संगठन में दायित्व सौंपा जाएगा।
पारदर्शी और लोकतांत्रिक संगठन चुनाव
वोहरा ने बताया कि भाजपा का संगठन चुनाव पूरी तरह पारदर्शी और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत होता है। जनवरी के पहले सप्ताह में बूथ अध्यक्ष का चुनाव होगा, जिसके बाद मंडल अध्यक्ष चुने जाएंगे। मंडल चुनावों के लिए कार्यशालाएं भी आयोजित की जा रही हैं।

कार्यकर्ताओं से अपील
भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया कि वे जल्द से जल्द सक्रिय सदस्य बनें और संगठन चुनावों में भाग लेकर पार्टी को मजबूत करें।