HARYANA VRITANT

Faridabad News फरीदाबाद में भाजपा की मेयर प्रत्याशी प्रवीण बत्रा जोशी का जनसंपर्क अभियान लगातार मजबूत होता जा रहा है। सोमवार को बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र में हुए जनसंपर्क कार्यक्रमों में स्थानीय लोगों ने खुलकर उनका समर्थन किया। लोगों ने रिकॉर्ड मतों से भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाने की बात कही। इस दौरान विधायक मूलचंद शर्मा भी उनके साथ मौजूद रहे।

वार्ड प्रत्याशियों के लिए भी मांगा समर्थन

जनसंपर्क अभियान के दौरान प्रवीण बत्रा जोशी ने न सिर्फ अपने लिए बल्कि भाजपा के विभिन्न वार्ड प्रत्याशियों के समर्थन में भी अपील की। इनमें वार्ड-3 से रवि कश्यप, वार्ड-4 से संगीता भारद्वाज, वार्ड-40 से नवीन चेची, वार्ड-41 से महेश गोयल, वार्ड-42 से योगेंद्र सैनी, वार्ड-43 से स्वराज सिंह, वार्ड-45 से किरण बाला और वार्ड-46 से सोहनवीर शामिल रहे। इस दौरान भाजपा के कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

डबल इंजन से ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने की अपील

पूर्व कैबिनेट मंत्री और बल्लभगढ़ से विधायक मूलचंद शर्मा ने जनता से भाजपा के मेयर और पार्षद प्रत्याशियों को समर्थन देने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेतृत्व में ही वार्डों के विकास को गति मिलेगी। उन्होंने जनता से डबल इंजन की सरकार को ट्रिपल इंजन की सरकार में बदलने का आह्वान किया, जिससे शहर का विकास और तेजी से हो सके।

कांग्रेस पर साधा निशाना

मूलचंद शर्मा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने कभी भी विकास की सोच नहीं रखी और केवल विनाश की राजनीति की है। उन्होंने कहा कि परिवारवादी कांग्रेस अब पूरी तरह गर्त में जा चुकी है और अपनी हार मान चुकी है। कांग्रेस के नेता प्रचार करने से भी पीछे हट गए हैं, क्योंकि उन्हें अपने हार का अंदाजा पहले से ही है।

भाजपा के शिक्षित मेयर उम्मीदवार को दें समर्थन

मूलचंद शर्मा ने कहा कि भाजपा ने फरीदाबाद को एक शिक्षित और सक्षम मेयर प्रत्याशी दिया है। जनता को उनके नेतृत्व में अपने शहर के विकास के लिए मजबूती से काम करना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ही जनता के हितों की रक्षा कर सकती है और हर स्तर पर विकास को आगे बढ़ा सकती है।

“निकाय चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत तय” – प्रवीण बत्रा जोशी

मेयर प्रत्याशी प्रवीण बत्रा जोशी ने कहा कि निकाय चुनाव में भाजपा सिर्फ छह दिन दूर है विजय से। उन्होंने भरोसा जताया कि फरीदाबाद की जनता भाजपा की नीतियों का समर्थन करेगी और ईवीएम पर कमल के फूल का बटन दबाकर इतिहास बनाएगी।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि “जय भाजपा, तय भाजपा” के लक्ष्य को लेकर पार्टी पूरी मेहनत से मैदान में डटी है। जनता का समर्थन देखकर स्पष्ट हो गया है कि फरीदाबाद नगर निगम चुनाव में भाजपा की जीत निश्चित है। उन्होंने लोगों से अपील की कि विकास की गति को बनाए रखने के लिए कमल के फूल पर वोट देकर भाजपा को सत्ता में लाएं।