शंभू टोल प्लाजा के निकट खेतों के बीच रास्ते पर खून से सना जीआरपी से रिटायर्ड ईएसआई का शव मिला। हैरानी की बात है कि उन्होंने सूट, सलवार पहनी थी। ऐसे में पुलिस किन्नर होने की भी जांच कर रही है। मृतक की पहचान सिटी के कालका विहार का निवासी रविंद्र के रूप में हुई। वह मूलरूप से फरीदाबाद का था।

बताया जाता है कि शव के नजदीक एक टूटी एक्टिवा, शराब की सील बंद बोतल और कुछ कपड़े भी पड़े थे। घटनास्थल पर फसल भी उथल पुथल नजर आई। किन्नर समाज ने भी रविंद्र की जानकारी से इंकार किया है। बताया जाता है कि रविंद्र अंबाला सिटी जीआरपी में ही ईएसआई के पद पर जीआरपी पुलिस लाइन अंबाला में ही तैनात था और करीब आठ साल पहले रिटायर हुआ था। शव के पास मिली एक्टिवा के नंबर से रविंद्र की पहचान हुई। मृतक के सिर पर चोटों के निशान थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अंबाला सिटी के शव गृह में रख दिया है।

हादसा या हत्या, उलझन में पुलिस

पुलिस अभी तय नहीं कर पाई कि यह हत्या है या फिर हादसा। दरअसल, मृतक के सिर पर चोट के निशान थे और एक्टिवा भी टूटी थी। खेतों के बीच का रास्ता भी काफी चौड़ा था। ऐसे में हादसे की भी आशंका लग रही है। जैसे टक्कर के बाद एक्टिवा टूट गई हो और सिर पर चोट आई हो। फिर भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट से कारणों का खुलासा होगा।
वर्जन

प्राथमिक दृष्टि में शव किन्नर का लग रहा है। फिलहाल इसकी भी जांच की जाएगी। परिजनों के आने के बाद ही सोमवार को पोस्टमार्टम होगा। फिलहाल हत्या है या फिर हादसा, यह नहीं कहा जा सकता। दोनों की एंगल से पुलिस मामले की जांच कर रही है।
धर्मवीर, इंस्पेक्टर, थाना प्रभारी अंबाला सदर